0 एनटीए ने माना- हम जिम्मेदार, दोबारा परीक्षा कराई जाएगी
0 6-8 दिन में नई तारीख का होगा ऐलान
0 सवाल पूछने पर बिना जवाब दिए निकले शिक्षा मंत्री प्रधान
नई दिल्ली। पेपर लीक के आरोपों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को नीट (यूजी) 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। 22.79 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। एनटीए डीजी अभिषेक सिंह ने कहा कि इस गड़बड़ी के लिए हम जिम्मेदार हैं। परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। 6-8 दिन में नई तारीख का ऐलान होगा।
उधर, केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। केंद्रीय एजेंसी ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। एनटीए ने बताया कि भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। उधर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से दिल्ली में इस मामले में मीडिया ने सवाल पूछा तो वह बिना कुछ बोले निकल गए।
एनटीए की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में बताया गया कि एजेंसी ने केन्द्र सरकार की मंजूरी से तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को रद्द करने और इसे फिर से आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षा की नई तारीखें अलग से अधिसूचित की जाएंगी।
परीक्षा में हुई अनियमितता की खबरों के बाद एजेंसी ने आठ मई को इस मामले को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा था। केंद्रीय एजेंसियों की जांच के आधार पर प्राप्त इनपुट के बाद एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है।
केंद्र सरकार ने इस मामले में लगे आरोपों की व्यापक जांच के लिए मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का भी निर्णय लिया है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच में सीबीआई को पूरा सहयोग देगी और सभी जरूरी रिकॉर्ड एवं सहायता उपलब्ध कराएगी।
एजेंसी ने स्वीकार किया है कि परीक्षा दोबारा कराने से उम्मीदवारों और उनके परिवारों को काफी असुविधा होगी, लेकिन छात्रों के हित और परीक्षा प्रणाली पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए यह कड़वा फैसला लेना जरूरी था।
राहत की बात यह है कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को फिर से पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। मई 2026 चक्र का पुराना डेटा और परीक्षा केंद्र ही मान्य रहेंगे। इसके साथ ही, छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एनटीए ने यह भी घोषणा की है कि छात्रों द्वारा पहले जमा किया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा और नयी परीक्षा का खर्च एजेंसी अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
‘क्वेश्चन बैंक’के जरिए लीक किया गया पेपर
नीट का पेपर ‘क्वेश्चन बैंक’ के जरिए लीक किया गया। इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल थे। ये सभी हाथ से लिखे गए और इनकी हैंडराइटिंग भी एक ही थी। जांच एजेंसी पता लगा रही हैं कि आखिर यह पेपर लीक कहां से हुआ। हालांकि, इसका खुलासा राजस्थान के सीकर से हुआ।