Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 35 शहरों में रात में भी गर्म हवाएं चलीं
नई दिल्ली/रायपुर/भोपाल/जयपुर/लखनऊ। देश को अगले 3 दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। एक्यूआई वेदर के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 3 बजे दुनिया के 22 सबसे गर्म शहरों में पारा 47 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। यह सभी शहर भारत के हैं। इनमें 13 शहर उत्तर प्रदेश के हैं। ओडिशा का बोलांगीर और बिहार का सासाराम सबसे ज्यादा गर्म रहा।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के 35 शहरों में गुरुवार को रात का पारा 30 डिग्री से ऊपर रहा। बिहार के पटना और गयाजी में गर्मी के कारण 22 से 26 मई तक 5वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं। मधेपुरा और सहरसा में गुरुवार को बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। अब दफ्तर और स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे खुलेंगे और दोपहर 1.30 बजे बंद होंगे।

अगले दो दिन के मौसम का हाल
23 मई: राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी। वहीं असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।

24 मई: बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, राजस्थान और तेलंगाना में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमसभरा मौसम बना रह सकता है।
केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।

छत्तीसगढ़ में 5 दिन हीटवेव का अलर्ट 
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य छत्तीसगढ़ क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक अलग-अलग इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। वहीं अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। वहीं सुबह 11 से 12 बजे के बीच घर से न निकलें। इस एक घंटे के दौरान प्रदेश में अल्ट्रा वाइलेंट रेंज की तीव्रता एक्सट्रीम लेवल पर होगी। यानी इस बीच अगर आप सीधे सन लाइट के कान्टैक्ट में आते हैं तो आपकी त्वचा और आंखों को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है। मेकाहारा में डर्मेटोलॉजी विभाग के एचओडी मृत्युजंय सिंह ने बताया कि ऐसी स्थिति में कुछ ही मिनटों में त्वचा पर सनबर्न, आंखों में जलन, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

रायपुर माना सबसे गर्म, अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। इस दौरान रायपुर के माना क्षेत्र में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, लेकिन इसका गर्मी पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।

अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण दिन के समय लू का असर बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।

सुबह 10 बजे के बाद तेजी से बढ़ेगा खतरा
सुबह 8 बजे अल्ट्रा वाइलेट रेज की तीव्रता 1 रहेगी, जो 9 बजे तक बढ़कर 5 पर आ सकता है। 10 बजे यह सीधे 9 तक पहुंच जाएगा। 11 से 12 बजे के बीच 11 के बीच होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक 9 के स्तर तक पहुंचेगा। ऐसे में बहुत जरूरी काम हो तभी 12 के बाद निकलें। क्योंकि 9 का लेवल भी खतरनाक है। 2 बजे के बाद सावधानी के साथ आप निकल सकते हैं।

भारत में दुनिया के 22 सबसे गर्म शहर
शहर            राज्य        तापमान
बलांगीर       ओडिशा      47°C
सासाराम      बिहार        47°C
बिलासपुर    छत्तीसगढ़   47°C
वाराणसी      उत्तरप्रदेश    47°C
बक्सर         बिहार         47°C
जौनपुर       उत्तरप्रदेश     47°C
महासमुंद    छत्तीसगढ़     47°C
मुरादाबाद   उत्तरप्रदेश     47°C
सीतापुर      उत्तरप्रदेश     47°C
रायपुर       छत्तीसगढ़      47°C
मिर्जापुर     उत्तरप्रदेश       47°C
प्रयागराज   उत्तरप्रदेश       47°C
पीलीभीत     उत्तरप्रदेश       47°C
भिलाई       छत्तीसगढ़        47°C
रुद्रपुर         उत्तराखंड         47°C
गाजीपुर     उत्तरप्रदेश       47°C
दुर्ग            छत्तीसगढ़       47°C
शाहजहांपुर  उत्तरप्रदेश       47°C
रामपुर        उत्तरप्रदेश       47°C
बिजनौर       उत्तरप्रदेश     47°C
अकबरपुर    उत्तर प्रदेश     47°C
बरेली          उत्तरप्रदेश      46°C
नोट- तापमान 22 मई दोपहर 3 बजे तक।

 

tranding
tranding
tranding