Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महिला दल ने पहली बार एवरेस्ट की चोटी पर चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है। यह दल 19 अप्रैल को आईटीबीपी के दिल्ली स्थित मुख्यालय से रवाना हुआ था। इसमें 11 महिला पर्वतारोहियों सहित कुल 14 महिला सदस्य सम्मिलित थे।
आईटीबीपी की एक विज्ञप्ति के अनुसार, भारत एवं नेपाल में चरणबद्ध प्रशिक्षण के बाद सभी 11 महिला पर्वतारोहियों ने नेपाल की ओर से 'साउथ कोल रुट' से सफलतापूर्वक एवरेस्ट शिखर की चोटी पर चढ़ाई की। दल ने 21 मई की रात 12:52 पर चोटी पर भारतीय ध्वज फहराया।
पर्वतारोही दल ने 8,848 मीटर ऊँचे इस शिखर पर पहंचने के इस चुनौतीपूर्ण अभियान में कम ऑक्सीजन, तेज बर्फीली हवाओं, मुश्किल मौसम एवं कठिन रास्तों के बीच साहस, धैर्य, समन्वय एवं मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। यह अभियान न केवल महिला सशक्तिकरण का जीवंत प्रतीक है, बल्कि इसके दौरान 'स्वच्छ हिमालय– ग्लेशियर बचाओ' अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियाँ भी संचालित की गयी हैं।
गौरतलब है कि आईटीबीपी अब तक 232 पर्वतारोहण अभियान सफलतापूर्वक संचालित कर चुका है, जिनमें माउंट एवरेस्ट पर पाँच सफल आरोहण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आईटीबीपी के पर्वतारोही दल विश्व की आठ-हज़ार मीटर की ऊंचाई वाली 14 चोटियों में से छह प्रमुख चोटियों माउंट एवरेस्ट, कंचनजंगा, मकालू, ल्होत्से, धौलागिरी एवं मानस्लु पर भी सफल आरोहण कर चुके हैं।