0 केरल में नमी कम होने से अटका मानसून, यूपी के बांदा में पारा 47.4 डिग्री
नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ। तेज गर्मी से जूझ रहे देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए अहम है, क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। यहां 14 तय स्टेशनों में लगातार दो दिन 2.5 मिमी बारिश होने पर मानसून पहुंचने का ऐलान किया जाता है।
मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन यहां नमी कमजोर होने से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं, दक्षिण-मध्य अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन से भी बादल कमजोर हुए हैं।
यूरोप की मौसम एजेंसी यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स ने सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा को मिलाकर भारत में 15 दिनों की बारिश का पूर्वानुमान निकाला है। इसमें अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में ज्यादा बारिश के संकेत हैं।
उत्तरप्रदेश का बांदा में 47.4 डिग्री पारा, फिर देश में सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर मंगलवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 47.4 डिग्री पहुंच गया। लगातार नवें दिन यहां तापमान 47 डिग्री के पार पहुंचा। बांदा के अलावा उत्तर प्रदेश के पांच और जिलों में तापमान 45 डिग्री से ज्यादा रहा, इनमें उरई 45.8 डिग्री, झांसी 45.5 डिग्री, प्रयागराज 45.4 डिग्री, आगरा 45.3 डिग्री और हमीरपुर 45.2 डिग्री शामिल हैं। राजस्थान का श्रीगंगानगर 47 डिग्री तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बीकानेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 46°C रहा। जैसलमेर में 45.6 डिग्री और कोटा में 45.4 डिग्री रहा। जयपुर में भी 43.2 डिग्री था। महाराष्ट्र के कई जिलों में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। ब्रह्मपुरी में पारा 46.6 डिग्री पहुंचा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री था। इसके अलावा चंद्रपुर में 46.4 डिग्री, वर्धा में 46 डिग्री, नागपुर के सोनेगांव में 45.5 डिग्री और गोंदिया में 45.2 डिग्री रहा। हरियाणा में सिरसा 46 डिग्री, रोहतक में 45.6 डिग्री और पंजाब के बठिंडा में 45.8 तक पहुंचा। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा था।