Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सुशासन तिहार में भाजपा नेता को चिल्लाकर दिखाई उंगली थी दिखाई 
0 राशि जारी करने को लेकर हुआ था विवाद

दुर्ग-भिलाई। सुशासन शिविर में भाजपा नेता से दुर्व्यवहार करने वाले दुर्ग जनपद पंचायत सीईओ रूपेश कुमार पांडेय को सस्पेंड कर दिया गया है। कुछ दिन पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे ‘सुशासन तिहार’ के दौरान बीजेपी ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख से बहस करते नजर आए थे। यह पूरा विवाद विधायक ललित चंद्राकर की मौजूदगी में हुआ था। 

जानकारी के मुताबिक सुशासन तिहार के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में सामुदायिक भवन के लिए राशि जारी करने को लेकर भाजपा नेता ने आपत्ति जताई थी। इसी मुद्दे पर जनपद सीईओ रूपेश कुमार पांडेय और पुराण देशमुख के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। वीडियो में रूपेश कुमार पांडेय को यह कहते हुए सुना गया था कि, ‘जो करना है कर लो।’ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गया। इसके बाद बीजेपी नेताओं और स्थानीय लोगों ने अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए थे। मामले के तूल पकड़ने के बाद राज्य सरकार ने रूपेश कुमार पांडेय को सस्पेंड कर दिया है।

इस संबंध में आयुक्त कार्यालय की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि दुर्ग जनपद पंचायत के ग्राम थनौद में आयोजित शिविर के दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मौजूदगी में सीईओ रूपेश पांडेय की एक स्थानीय भाजपा नेता से तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री से इस मामले की शिकायत की थी। आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक शासकीय सेवक का दायित्व है कि वह पूर्ण सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और शिष्टाचार के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।