0 लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिन पूरे किए
0 पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिन से आगे निकले मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आजाद भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव हासिल कर लिया। श्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से वह देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार काम कर रहे हैं। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में बुधवार को को उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए। यह पंडित जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4398 दिन के कार्यकाल के बराबर है। पंडित नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे थे। वैसे पंडित नेहरू आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन तब वह निर्वाचित नहीं, बल्कि अंतरिम सरकार में मनोनीत प्रधानमंत्री थे।
मोदी की इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं और एक विशेष प्रस्ताव पारित किया। शाम में पीएम मोदी ने भारत मंडपम में देशभर से आए एनडीए नेताओं के साथ बैठक की। इसमें भाजपा-एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी पहुंचे। सभी नेताओम ने पीएम मोदी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
बैठक के बाद मोदी और भाजपा-एनडीए नेताओं ने भारत मंडपम में झालमुड़ी खाई। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने हाथ से झालमुड़ी परोस कर पीएम को दी। अप्रैल 2026 में बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने झाड़ग्राम में झालमुड़ी खाई थी। दुकान वाले से उनकी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
140 करोड़ देशवासियों का प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताकतः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के शुभकामना संदेश के लिए आभार जताते हुए कहा कि देश ने सालों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयास और आकांक्षाओं का परिणाम हैं। उन्होंने कहा- 140 करोड़ भारतीयों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।
मोदी देश के सबसे ज्यादा कार्यकाल वाले निर्वाचित पीएम
15 अगस्त 1947 को देश के आजाद होने के बाद जवाहर लाल नेहरू को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। वे 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक कुल 1732 दिन पीएम रहे।इसके बाद 1952 में देश में पहला आम चुनाव हुआ। कांग्रेस सत्ता में आई। संसदीय दल ने नेहरू को अपना नेता चुना। इसके बाद नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। यह कार्यकाल 4398वें दिन का रहा था। इस तरह निर्वाचित पीएम के तौर पर पीएम मोदी पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू से आगे निकल गए हैं।
इससे पहले पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिन के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के कार्यकाल से आगे निकल चुके हैं। श्रीमती गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रही थी। यद्यपि वह बाद में 1980 में भी प्रधानमंत्री चुनी गयीं थी। श्री मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में भी 9000 से भी अधिक दिन तक कार्य कर चुके हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नौ जून 2024 को शपथ ली थी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने पीएम मोदी को दी बधाई
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सेवा, समावेश और राष्ट्रीय विकास के प्रति प्रधानमंत्री की अडिग प्रतिबद्धता देश को उसकी आकांक्षाओं की पूर्ति की ओर ले जाएगी। प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा में समर्पित 4,399 दिन पूरे होने पर राष्ट्रपति ने श्री मोदी को एक पत्र लिखकर उनकी सराहना की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सार्वजनिक जीवन में भारत के प्रधानमंत्री पद जैसी जिम्मेदारी के लिए बहुत अधिक निष्ठा, लचीलेपन और दृढ़ता की आवश्यकता होती है। यह उपलब्धि केवल इस पद पर सबसे लंबी अवधि बने रहने का मामला नहीं है, बल्कि यह लगातार चुनावों में उनकी अगुवाई पर भारत की जनता द्वारा जताये गये अटूट विश्वास का प्रमाण है। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे जैसे विशाल, विविध और जीवंत देश में, जनता का विश्वास किसी भी नागरिक को दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। आपके प्रति यह विश्वास बीते वर्षों में बार-बार दोहराया गया है, जो हमारे गणराज्य की लोकतांत्रिक यात्रा के एक गौरवशाली अध्याय को दर्शाता है। श्रीमती मुर्मू ने पत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन के प्रयासों से करोड़ों लोग आर्थिक व्यवस्था से जुड़े हैं, जिनमें महिला लाभार्थियों की बड़ी संख्या होना बेहद सुखद है। आज देश की नारी शक्ति विकास यात्रा में समान भागीदारी निभाने के साथ-साथ इसका नेतृत्व भी कर रही है। उन्होंने शासन को पारदर्शी, कुशल और जवाबदेह बनाने के लिए तकनीक के उपयोग की भी सराहना की, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक गति से पहुँच रहा है।
राष्ट्रपति ने विशेष रूप से 'पीएम-जनमन' योजना की सराहना करते हुए कहा कि कतार के अंतिम व्यक्ति के उत्थान यानी 'अंत्योदय के आदर्श' और कमजोर जनजातीय समूहों के प्रति प्रधानमंत्री की करुणा ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है। इसके साथ ही उन्होंने देश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने को शासन की भावना का प्रतीक बताया।
राष्ट्रपति ने कहा कि एक साधारण परिवार से आकर देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की आपकी यात्रा भारतीय लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत मिसाल है। आज हमारे प्रतिभाशाली युवाओं की ऊर्जा और आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प के साथ 'राष्ट्र प्रथम' की भावना पर देश आगे बढ़ रहा है, जिससे दुनिया में भारत का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा है।" उन्होंने भरोसा जताया कि देश सेवा, सबको साथ लेकर चलने और राष्ट्रीय विकास के प्रति प्रधानमंत्री की यही अटूट निष्ठा भारत के सपनों को सच करेगी।
मोदी के लिए अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली के साईं मंदिर में पूजा-अर्चना की
पीएम मोदी के भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजधानी के लोधी रोड स्थित साईं मंदिर में पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद वैष्णव ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के देश की सेवा में निरंतर लगे रहने और देश के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रार्थना की।
वैष्णव ने कहा कि आज का दिन खास है क्योंकि नरेंद्र मोदी देश में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक रूप से चुने गए पीएम बन गए हैं। मैंने प्रार्थना की है कि पीएम देश की सेवा करते रहें और देशवासी देश को विकसित राष्ट्र बनाने के उनके संकल्प में उनके साथ जुड़ें।"
पीएमओ के अधिकारियों ने मोदी को बधाई दी
प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने पीएम मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। पीएमओ का कहना है कि पिछले 12 सालों में उन्होंने स्थिरता, पारदर्शिता और अच्छे शासन, समावेशी विकास और देश की तरक्की के लिए पक्के इरादे वाली लीडरशिप दी है।
इजराइल, इटली, इथियोपिया समेत कई देशों के नेताओं ने मोदी को बधाई दी
इजराइल, इटली, इथियोपिया और दक्षिण कोरिया समेत कई देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजराइल की अनूठी दोस्ती हर साल और मजबूत हो रही है। मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा करने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के मोदी के नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तेज आर्थिक प्रगति और ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बनने जैसे क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल करने पर बधाई। मेलोनी ने लिखा कि हाल ही में रोम में उनसे दोबारा मुलाकात हुई थी। हमने दोनों के लिए दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने वाली स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप की शुरुआत करना खुशी की बात रही।