0 मोदी ने ट्रम्प से कहा- भारतीय नाविकों की सुरक्षा महत्वपूर्ण
एवियन/पेरिस। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि जब तक मैं प्रेसिडेंट हूं, व्हाइट हाउस में मोदी का हमेशा अच्छा दोस्त मौजूद रहेगा। अगर भारत या मोदी पर हमला होता है और मोदी लीडर होंगे तो हम उनकी मदद करेंगे।
उन्होंने मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि जब तक मोदी लीडर हैं, इंडिया हर फील्ड में बड़ा रोल निभाएगा। मोदी शांत और जबरदस्त नेता हैं, लेकिन मैं मोदी की तरह नहीं हूं। वहीं ट्रम्प के साथ द्विपक्षीय बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि समुद्र में भारतीयों की सुरक्षा जरूरी है। उम्मीद है कि ईरान के साथ डील में भारतीयों की सुरक्षा पक्की की जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि होर्मुज खुला रहना जरूरी है। मैं वेस्ट एशिया में शांति की कोशिशों में ट्रम्प की लीडरशिप की तारीफ करता हूं। ट्रम्प के नेतृत्व में शांति की उम्मीद दिख रही है।
फ्रांस के एवियन में दो दिवसीय 52वें जी 7 समिट का आयोजन हुआ। आज समिट का दूसरा दिन था। मोदी और ट्रम्प भी समिट में शामिल हुए थे।
ट्रम्प बोले- मोदी मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं
यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा- हम ट्रेड डील कर रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी चीजें हो रही हैं। अमेरिका अब तक का सबसे अच्छा काम कर रहा है। हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा आ रहे हैं। हम सब कुछ बना रहे हैं। प्रधानमंत्री अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं और बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं। लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त हैं और हमारे बीच हमेशा से बहुत अच्छे रिश्ते रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा है।
मोदी कूल और जबरदस्त इंसान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वर्किंग लंच स्टेटमेंट में पीएम मोदी की तारीफ की। ट्रम्प ने कहा कि मोदी शांत, कूल और जबरदस्त इंसान हैं, लेकिन वह मोदी की तरह नहीं हैं।
वेस्ट एशिया संकट का असर लंबे समय तक रहेगा
मोदी ने बुधवार को समिट में कहा कि वेस्ट एशिया में संकट की वजह से फ्यूल, फर्टिलाइजर और फूड सप्लाई चेन में आई रुकावटों का असर ग्लोबल साउथ (दक्षिणी देशों) पर काफी समय तक रहेगा। मोदी ने कहा- अंतरराष्ट्रीय एकजुटता मजबूत करने के लिए कमजोर देशों को संकटों का बोझ अकेले नहीं उठाना चाहिए। कई देशों की आबादी बूढ़ी हो रही है, जबकि भारत और ग्लोबल साउथ के देशों में युवा प्रतिभा और कौशल की कमी नहीं है।
मोदी ने दोनों दिन भारतीय की मौत का मुद्दा उठाया
पीएम मोदी ने जी7 समिट में दोनों दिन होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने समिट के पहले दिन मंगलवार को आउटरीच सेशन में कहा था कि इस अहम समुद्री मार्ग में कई भारतीयों ने जान गंवाई है और वैश्विक व्यापार को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की जिम्मेदारी है।