0 अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराया, रोनाल्डो के पुर्तगाल ने कोलंबिया से ड्रॉ खेला
डलास। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी लगातार 7 वर्ल्ड कप मैच में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने हैं। वे रविवार को ग्रुप जे के मुकाबले में जॉर्डन के खिलाफ सब्स्टीट्यूट के रूप में उतरे और 80वें मिनट में फ्री किक पर गोल दागा। मेसी को 20 साल बाद अर्जेंटीना की स्टार्टिंग-11 में जगह नहीं मिली है। इससे पहले 30 जून 2006 को होस्ट जर्मनी के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में ऐसा हुआ था।
मेसी के इस गोल की मदद से अर्जेंटीना ने डलास स्टेडियम में खेले गए मैच में जॉर्डन को 3-1 से हराया। इस जीत से अर्जेंटीना की टीम ग्रुप जे के टॉप पर रहकर नॉकआउट राउंड में पहुंची। टीम ने अपने लीग स्टेज में अपने तीनों मुकाबले जीते और 9 अंक हासिल किए। अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया का मैच 3-3 की बराबरी पर रहा।
फ्री-किक से भी बनाया खास रिकॉर्ड
यह मेसी के करियर का 72वां और अर्जेंटीना के लिए 12वां फ्री किक गोल था। वर्ल्ड कप में यह उनका दूसरा फ्री-किक गोल रहा। इसके साथ ही वे पेले, रिवेलिनो, तेओफिलो कुबिलास, बर्नार्ड जेंघिनी और डेविड बेकहम के बाद वर्ल्ड कप में दो फ्री-किक गोल करने वाले प्लेयर्स के क्लब में शामिल हो गए। मेसी के अब इस वर्ल्ड कप में छह गोल हो चुके हैं। वे गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। किलियन एमबाप्पे, विनीसियस जूनियर और एरलिंग हालैंड से दो गोल आगे हैं। इतना ही नहीं, मेसी ने वर्ल्ड कप करियर में 19वां गोल दागा है। उन्होंने मेंस वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने के रिकॉर्ड को और बेहतर किया।
सेल्सो और मार्टिनेज ने भी गोल दागे
मेसी के अलावा जियोवानी लो सेल्सो ने 19वें मिनट में फ्री-किक पर गोल करके अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। फिर लाउतारो मार्टिनेज ने 31वें मिनट में पेनाल्टी को गोल में हाफ टाइम से पहले बढ़त को दोगुना कर दिया। दोनों खिलाड़ियों का यह विश्व कप में पहला गोल रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत में मैदान पर आए मौसा अलतमारी ने 55वें मिनट में गोल कर जॉर्डन की वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन अर्जेंटीना ने मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही जॉर्डन की टीम तीनों मुकाबले हारकर बाहर हो गई।
