Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 छुरा में ढहा कुसुमबोड़ा पुल, दर्जनभर गांवों का संपर्क टूटा
0 रायपुर समेत कई शहरों में घरों में घुसा पानी

रायपुर/दुर्ग/गरियाबंद/धमतरी/बालोद/डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के सभी संभागों के अधिकांश जिलों में पिछले 24 घंटों में जमकर बारिश हुई। रायपुर, दुर्ग, गरियाबंद, धमतरी, बालोद समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार रात से हुई बारिश रविवार को भी नहीं थमी। राजधानी रायपुर में कई कालोनियों में पानी भर गया। वहीं घरों में बारिश का पानी घुस गया। भारी बारिश के कारण गरियाबंद जिले के कुसमी-छुरा मार्ग पर पुराना कुसुमबोड़ा पुल टूट गया। दर्जनभर गांव का छुरा मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह से थम गया है। 

छुरा मुख्यालय से दर्जन भर गांव का टूटा संपर्क
जानकारी के मुताबिक, कई गावों को छुरा मुख्यालय से जोड़ने वाला कुसुमबोड़ा पुल लगभग 40 साल से भी ज्यादा पुराना था। समय के साथ यह पुल काफी जर्जर हो चुका था।  पुल टूटने से कोसमी, नवापारा, सारागांव, दुल्ला, चुरकीदादार, बम्हनी सहित दर्जनों गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। यह मार्ग ओडि़शा के नुआपड़ा जिले को भी जोड़ता है, जहां से अंतरराज्यीय व्यापार होता आ रहा था। प्रभावित ग्रामीणों की प्रशासन से मांग है कि आवाजाही के लिए नए पुल का निर्माण किया जाए। छुरा और फिंगेश्वर तहसील में पिछले 24 घंटे में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। दोनों तहसील में अबतक सर्वाधिक 100 मिमी से ऊपर बारिश अब तक दर्ज की जा चुकी है। 

फिंगेश्वर का कुम्हारपारा हुआ जलमग्न
बारिश के चलते तापमान में गिरावट तो आई पर बारिश कुछ परिवार के लिए मुसीबत बन गई। फिंगेश्वर के कुम्हार पारा में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। यहां कई कुम्हार मिट्टी को बर्तन बनाए हुए थे, लेकिन उनके घरों के पानी घुसने से बर्तन टूट गया है। कुम्हार परिवारों को दोहरा क्षति हुआ है। घरों में घुसे पानी को निकालन प्रभावित परिवार देर रात से जुटा हुआ है। 

बालोद के कई वार्ड जलमग्न, घरों तक पहुंचा नालियों का पानी
बालोद में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। रविवार सुबह नया बस स्टैंड, शिकारीपारा, कुन्दरूपारा, आमापारा, गंजपारा और रेलवे स्टेशन कॉलोनी सहित कई वार्ड जलमग्न नजर आए। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई, जबकि कई स्थानों पर नालियों का पानी घरों तक पहुंच गया। रविवार सुबह भी बारिश जारी रहने से हालात और बिगड़ गए। सबसे अधिक जलभराव नया बस स्टैंड और वार्ड क्रमांक-16 में देखने को मिला। बस स्टैंड परिसर में पानी भर जाने से यात्रियों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं वार्ड-16 में नालियों से पानी की निकासी नहीं होने के कारण दो घरों में बारिश का पानी घुस गया, जबकि गलियों में भी पानी भर गया। शिकारीपारा, कुन्दरूपारा, आमापारा, गंजपारा और रेलवे स्टेशन कॉलोनी की कई सड़कें भी तालाब जैसी नजर आईं।

पहली ही बारिश में डूबा डोंगरगढ़, मोहल्लों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त 
मानसून की पहली तेज बारिश ने ही डोंगरगढ़ नगरपालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के केदारबाड़ी, कालकापारा, टिकरापारा और रेलवे चौक समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति केदारबाड़ी में देखने को मिली, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के दौरान यहां जलभराव होता है और कई बार नगर पालिका व संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। रहवासियों का आरोप है कि केदारबाड़ी कॉलोनी के निर्माण के समय उचित जल निकासी व्यवस्था विकसित नहीं की गई, जिसके कारण हर बारिश में पूरा क्षेत्र तालाब में तब्दील हो जाता है।

इन जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

इन जिलों में भी बारिश और बिजली गिरने की आशंका
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, गरज-चमक और बारिश हो सकती है।

सबसे ज्यादा बारिश यहां हुई
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश बड़े बचेली में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओरछा और चांपा में 70-70 मिमी, कोंटा, कुटारू, भैरमगढ़, थानखम्हरिया और बरमकेला में 60-60 मिमी बारिश हुई। वहीं मलखरौदा, कोहकामेटा, शिवरीनारायण, जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर और सारिया में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई।

tranding
tranding
tranding