0 पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद एक्शन
0 प्रियंका भी हिरासत में, सोनिया थाने पहुंचीं
नई दिल्ली। पीएम आवास के पास मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे धरने पर बैठे कांग्रेसियों को पुलिस शाम साढ़े 6 बजे उठाकर ले गई। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव समेत कई नेता को हिरासत में ले लिया है। प्रियंका को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया है। उनसे मिलने के लिए सोनिया गांधी पहुंची हैं। राहुल को छत्रपाल स्टेडियम में रखा गया है।
सरकार ने 3 घंटे के धरने में राहुल से 2 बार बातचीत की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी पहुंचे तो कांग्रेसियों ने घेरा बना लिया और राहुल तक पहुंचने नहीं दिया। कांग्रेसियों और पुलिस के बीच आधे घंटे तक धक्का-मुक्की होती रही। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आखिर में 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ले गए और बस में बैठाया।
तीन घंटे से अधिक समय तक चले एक नाटकीय घटना क्रम में श्री गांधी को हिरासत में लिये जाने से पहले प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने धरना स्थल पर जा कर उनसे धरना समाप्त करने के बारे में बातचीत की थी। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस श्री गांधी तथा उनके साथ धरने में शामिल हुए समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को वहां से हटा कर पुलिस वाहन में अन्यत्र ले गयी। इस दौरान श्री गांधी ने उन्हें हटाये जाने का प्रतिरोध किया तो पुलिसकर्मी उन्हें उठा कर वाहन तक ले गये।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पार्टी के अन्य नेताओं को भी पुलिस वहां से हटा कर अपने वाहनों में ले गयी।
इससे पहले श्री गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रश्न-पत्र लीक मामले पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ राजधानी में पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने के लिए अपने धरने में शामिल होने का आह्वान किया था।
श्री गांधी तथा पार्टी के अन्य नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से मार्च करते हुए लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के निकट पहुंचे थे।
श्री जितेंद्र सिंह ने बाद में एक बयान में कहा कि विपक्ष के नेता श्री गांधी ने उसके साथ बातचीत के नीट की परीक्षा और उससे जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा कराने की मांग की जिसे सरकार ने मान लिया था लेकिन बाद में उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी शर्त रख दी।
गौरतलब है कि धरने पर बैठे कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को संसद भवन से बाहर प्रदर्शन के दौरान युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को युवाओं के भविष्य पर हमला बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग की।
श्री गांधी को जबरन धरना स्थल से उठाने को कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शर्मनाक बताया। उन्होंने एक्स पर पुलिस कार्रवाई का एक फोटो शेयर करते हुए लिखा "मोदी की तानाशाही देखिए। विपक्ष के नेता के साथ ऐसा सुलूक किया जा रहा है। शर्मनाक!" उन्होंने कहा कि यह भी नहीं बताया जा रहा है कि श्री गांधी को हिरासत में लेकर किस थाने में ले जाया जा रहा है।
हिरासत में लिये जाने से पहले श्री गांधी ने कहा कि हम छात्रों के खून का हिसाब मांगने प्रधानमंत्री के घर आए हैं। युवाओं की गुनहगार मोदी सरकार जवाबदेही और संसद में चर्चा से भाग नहीं सकती। छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वह बिना जवाब दिए और बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।"
उन्होंने कहा कि भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने और उनके खिलाफ क्रूरता के लिए नरेंद्र मोदी, अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
श्री खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों और उनकी जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। श्री खरगे ने कहा, "इस बुजदिल तानाशाह सरकार को लाठीचार्ज और बल प्रयोग पर जवाब देना होगा। मोदी और शाह हमारे युवाओं के गुनहगार हैं, उन्हें इस्तीफा देना पड़ेगा।"
प्रधानमंत्री आवास के समक्ष धरने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, जयराम रमेश, पवन खेड़ा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, सांसद नासिर हुसैन, मणिकम टैगोर, इमरान मसूद, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पार्टी नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा , राजीव शुक्ला, अमरिंदर सिंह राजा बराड़, गुरदीप सिंह सप्पल तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
जितेंद्र सिंह और राहुल के बीच 20 मिनट बात हुई
पीएम आवास के पास से हटाने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन पहुंचे थे। राहुल गांधी से करीब 20 मिनट बात की। इसके बाद जितेंद्र सिंह गृह मंत्री अमित शाह के पास गए। शाह से बातचीत के बाद उन्होंने फिर राहुल से बात की। सोशल मीडिया पोस्ट में जितेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की मांग थी कि नीट पर संसद में चर्चा हो। राहुल की यह मांग मान ली गई थी। लेकिन राहुल अपनी बात से मुकर गए। वह बोले- अब हमारी दो मांगे हैं। पहली- नीट पर संसद में चर्चा, दूसरी शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा।