0 नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की बड़ी कार्रवाई
0 एक दिन पहले दो सेक्रेटरी हटाए गए थे
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी। बर्खास्त अधिकारियों के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज किया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक यह कदम एनटीए में बड़े पैमाने पर हो रहे बदलाव के तहत उठाया गया है। एनटीए में सुधार के लिए जल्द ही और एक्शन लिए जाएंगे। एक दिन पहले सरकार ने गुरुवार को शिक्षा मंत्रालय के दो सचिवों को बदला था।
अधिकारियों के अनुसार, आउटसोर्सिंग व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा और संस्था में तकनीकी सुधार लागू किए जाएंगे, ताकि परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके। इसके अलावा ऐसा टेस्टिंग सिस्टम तैयार किया जा सके, जिसमें पेपर लीक की गुंजाइश न हो।
एनटीए ने भर्ती के लिए यूपीएससी के जरिए विज्ञापन भी जारी किया है। यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए नए लोगों को भर्ती किया जाएगा। एनटीए ने 4 वरिष्ठ पेशेवर (जनरल मैनेजर) पदों के लिए सीधा विज्ञापन जारी किया है। प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स नियुक्त किए जाएंगे।
मोदी का वीडियो मैसेज, 20 घंटे बाद एक्शन
पेपर लीक मामले में एनटीए की तरफ से अधिकारियों को हटाने की यह कार्रवाई पीएम मोदी के वीडियो मैसेज के 20 घंटे के अंदर की गई। दरअसल पीएम मोदी ने गुरुवार की रात 12 बजे के आसपास ढाई मिनट का वीडियो संदेश जारी किया था।
23 जुलाई की रात 12 बजे एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए 2.56 मिनट के वीडियो मैसेज में मोदी ने कहा था कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों छात्रों, उनके माता-पिता के लिए पीड़ादायक है, इसलिए पेपर लीक से अब तक, पिछले ढाई महीनों में कई कदम उठाए हैं। गुनहगारों को पकड़ा है, वे जेल में हैं। हमारी जिम्मेदारी थी कि छात्रों का साल बर्बाद न हो, इसलिए कम समय में 22 लाख छात्रों का एग्जाम कराया। हम इतने से संतोष करने वाले नहीं हैं। इसलिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया है।