0 वंदे मातरम् पर नहीं हुई चर्चा
नई दिल्ली। नीट यूजी परीक्षा लीक के विरोध में जंतर मंतर पर धरना देने और संसद मार्च निकालने वाले छात्रों तथा अन्य प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग पर अड़े विपक्ष ने लगातार छठे दिन सोमवार को भी राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही चौथी बार शाम सवा पांच बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
इससे पहले भी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही पहले बारह बजे, फिर दो बजे और उसके बाद तीन बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी थी।
इसके कारण शून्यकाल और प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी तथा वंदे मातरम् विधेयक के नाम से चर्चित ' राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक 2026" पर चर्चा भी नहीं हो सकी।
तीन बजे कार्यवाही शुरू होने पर उप सभापति हरिवंश ने विधेयक पर चर्चा शुरू करने के लिए कहा। इस पर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर चर्चा कराने की मांग शुरू कर दी। उपसभापति ने सदस्यों से व्यवस्था बनाए रखने और चर्चा में भाग लेने की अपील की लेकिन सदस्यों के शांत नहीं होने पर उन्होंने कार्यवाही पांच बजकर 15 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी।
शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तथा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर विपक्ष मानसून सत्र के पहले दिन से ही सरकार को घेरने में लगा है। इसके चलते हंगामे के कारण सत्र के पहले सप्ताह की कार्रवाई हंगामे की भेंट चढ गयी और कोई विधायी कामकाज नहीं हो सका।
श्री प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था लेकिन विपक्ष ने अब छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग तेज कर दी है।