Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 नीलम सरई वॉटरफॉल और नंबी में हादसा
0 1 का इलाज जारी दूसरे का किया जा रहा रेस्क्यू
बीजापुर। बीजापुर जिले में बुधवार को आईईडी ब्लास्ट की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। पहली घटना में नीलम सरई वॉटरफॉल घूमने जा रहे युवकों के दल का एक सदस्य विस्फोट की चपेट में आ गया, जबकि दूसरी घटना में मवेशी चराने गए 15 वर्षीय ग्रामीण का पैर प्रेशर आईईडी से घायल हो गया। दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सुकमा जिले से आठ युवकों का एक दल सुबह नीलम सरई वॉटरफॉल घूमने निकला था। वॉटरफॉल से करीब एक किलोमीटर पहले अचानक आईईडी ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में देवा सोढ़ी आ गया।

वॉटरफॉल जाते समय हुआ ब्लास्ट
विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल युवक को पहले उसूर अस्पताल में शुरुआती इलाज दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मवेशी चराने गया किशोर भी आईईडी की चपेट में आया
दूसरी घटना ग्राम नंबी के जंगल में हुई। यहां विनोद कट्टम (15) अपने एक साथी के साथ मवेशी चराने नंबी जलधारा की ओर गया था। इसी दौरान वह पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गया, जिससे उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

भारी बारिश से रेस्क्यू अभियान प्रभावित
घायल ग्रामीण को सुरक्षित निकालने के लिए सुरक्षा बलों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया है। हालांकि, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रास्ते में नालों में जलभराव होने से बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

इलाके में अभी भी आईईडी होने की आशंका
बताया जा रहा है कि कर्रेगुटा ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने इस पूरे इलाके में बड़ी संख्या में आईईडी लगाए थे। सुरक्षा बल अधिकांश विस्फोटकों को निष्क्रिय कर चुके हैं, लेकिन अब भी कुछ आईईडी जमीन में दबे होने की आशंका बनी हुई है। बरसात के मौसम में नीलम सरई और नांबी वॉटरफॉल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।