Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 फाइनल में ही हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला
मुंबई। एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 17 सितंबर से जापान में होगी। क्रिकेट इस बार एशियन गेम्स में चौथी बार शामिल है। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता पुरुषों से पहले शुरू होगी और इसमें 8 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत पिछली बार यानी 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुका है।

महिला टूर्नामेंट में भारत के अलावा बांग्लादेश, चीन, जापान, मलेशिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं। इनमें से मलेशिया, थाईलैंड और चीन ने क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में टॉप-3 में रहकर मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाई है। वहीं भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को फुल मेंबर होने के कारण सीधे प्रवेश मिला, जबकि जापान को मेजबान होने के चलते ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मिला।

भारत-पाकिस्तान मैच अभी तय नहीं, फाइनल में ही टक्कर संभव
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हमेशा चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल के अलग-अलग हिस्से में हैं। भारत के ब्रैकेट में जापान के बाद बांग्लादेश-चीन मुकाबले का विजेता है। दूसरी तरफ पाकिस्तान पहले क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड से खेलेगा और उसके बाद उसे श्रीलंका-मलेशिया मुकाबले के विजेता का सामना करना होगा। इसका मतलब है कि भारत और पाकिस्तान अगर अपने-अपने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीतते हैं, तभी दोनों की भिड़ंत फाइनल में हो सकती है। सेमीफाइनल में दोनों का आमना-सामना नहीं होगा।

इस बार लीग नहीं, सीधे नॉकआउट मुकाबले
महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का फॉर्मेट इस बार पूरी तरह नॉकआउट रहेगा। 8 टीमों को चार क्वार्टर फाइनल में बांटा गया है। यानी किसी टीम के पास हार के बाद वापसी का मौका नहीं होगा। 17 सितंबर को दो क्वार्टर फाइनल होंगे। पहले मुकाबले में बांग्लादेश और चीन आमने-सामने होंगे। यह मैच भारतीय समय के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद पाकिस्तान और थाईलैंड के बीच मुकाबला होगा, जो 10:30 बजे से खेला जाएगा। 18 सितंबर को बाकी दो क्वार्टर फाइनल होंगे। इनमें मलेशिया का सामना श्रीलंका से होगा, जबकि भारत मेजबान जापान के खिलाफ उतरेगा। भारत-जापान मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद 20 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल 22 सितंबर को होगा। भारत अगर जापान को हराता है तो सेमीफाइनल में उसका सामना बांग्लादेश और चीन के क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

पिछली बार भारत ने जीता था गोल्ड
महिला क्रिकेट एशियन गेम्स में पहली बार 2010 में शामिल हुआ था। 2010 और 2014 दोनों संस्करणों में पाकिस्तान ने गोल्ड मेडल जीता था। भारत ने इन दोनों संस्करणों में हिस्सा नहीं लिया था। उस समय भारत का इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर काफी व्यस्त था।
इसके बाद 2023 में क्रिकेट की एशियन गेम्स में वापसी हुई और भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट में गोल्ड जीता। हांगझोउ में खेले गए फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था। वहीं बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता था।