Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के युवाओं, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने युवाओं से इस आयोजन में बड़ी संख्या में भाग लेने और नए बाजारों तथा कारोबारी संभावनाओं को समझने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराना और प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों तथा किसानों की मेहनत और प्रतिभा को दुनिया के सामने लाना है। इसी सोच के साथ वर्ष 2023 में इस आयोजन की शुरुआत की गई थी।"

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल बड़े बाजार और जनशक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां के युवाओं के कौशल, कारीगरों और शिल्पकारों की दक्षता तथा उद्यमियों की प्रतिभा भी प्रदेश की महत्वपूर्ण ताकत है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश का युवा केवल रोजगार पाने वाला न बने, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी भी बने। इसी सोच के साथ युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से ट्रेड शो का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे नए संपर्क स्थापित करें, बाजार की जरूरतों को समझें और अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप कारोबारी अवसर तलाशें।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के प्रयास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। इन प्रयासों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।