Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि उन्होंने 'वोट चोरी' करके देश को हाईजैक कर दिया है और गृहमंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस काम में उनकी मदद की है।

श्री गांधी ने विपक्षी दलों के सांसदों के संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च के दौरान मंगलवार को यहां आकाशवाणी भवन के सामने करीब पांच घंटे तक रोके जाने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ घंटे पहले करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा सांसद उनके साथ आये थे। सभी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उनका कहना था कि सांसद देश के प्रतिनिधि हैं और देश की जनता की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उनके साथ आये सभी सांसद निर्वाचन आयोग से मिलना चाहते थे लेकिन उनको मिलने नहीं दिया गया जबकि चुनाव आयोग का कार्यालय वहां से करीब 50 गज दूर है, फिर भी उन्हें वहां जाने नहीं दिया गया। विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन के सांसदों के संसद से निर्वाचन सदन तक 'लोकतंत्र बचाओ' मार्च के दौरान सभी सांसदों को आकाशवाणी भवन के सामने रोका गया। श्री गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कुछ सांसद धरना पर बैठ गये तो पुलिस समझा बुझाकर उन्हें आकाशवाणी भवन के अंदर में ले गयी।

करीब साढे पांच घंटे तक आकाशवाणी भवन के भीतर रखने के बाद उन्हें बाहर लाया गया और जब वह नहीं माने तो हिरासत में लिया गया। श्री गांधी ने हिरासत में लिए जाने से पहले पत्रकारों से कहा कि देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया है। एसआईआर के नाम पर जो कुछ देश के साथ किया गया है, वह देशद्रोह है। देशद्रोह करने वालों में से कोई बच नहीं पायेगा और सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि करीब 300 सांसद ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं लेकिन 'ज्ञानेश कुमार जी डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग नहीं मिलेगा तो लोकतंत्र का क्या मतलब है। एक सवाल पर उन्होंने कहा, "हम सिर्फ उनका मुकाबला नहीं करने जा रहे हैं, हम उन्हें खत्म करने जा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि भाजपा क्या कहती है, इसमें उन्हें कोई रुचि नहीं है और वह हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने के लिए यहां खड़े हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ आए 300 सांसद भी देश में लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

श्री गांधी ने कहा, "अमित शाह, नरेंद्र मोदी, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार, इन लोगों ने देश के लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। पूरा देश तथा देश के युवा इस बात को मानते और समझते हैं। हमें रोक रहे पुलिसकर्मी भी "यही कह रहे हैं कि हम जानते हैं। असल में देश को नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी करके हाईजैक किया है, अमित शाह जी ने हाईजैक किया है, मोहन भागवत जी ने हाईजैक किया है और ज्ञानेश कुमार ने उनकी मदद की है।"

कांग्रेस नेता ने कहा " मैं सोच-समझकर कह रहा हूं कि इन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी और इनमें से एक व्यक्ति भी बचकर नहीं जायेगा, चाहे वह नरेंद्र मोदी हों, अमित शाह हों, ज्ञानेश कुमार हों या मोहन भागवत। हमारे देश के साथ जो किया गया है, वह देशद्रोह है। कोई भी बचकर नहीं भाग पायेगा।"