0 तहसीलदार के निलंबन पर राजस्व मंत्री की दो टूक, कहा-लापरवाही बर्दाश्त नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर तहसीलदार के निलंबन और एसएसआर अभियान के बहिष्कार को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंत्री ने पटवारियों की हड़ताल को लेकर कहा कि यह समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि धान खरीदी के लिए गिरदावरी का काम जरूरी है। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का स्वभाव हमेशा विरोध करना है।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय काफी महत्वपूर्ण है। प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों के बीच गिरदावरी का काम करना भी आवश्यक है। अभी तक पटवारी संघ के साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हो पाई है और न ही पटवारी संघ की ओर से बातचीत के लिए कोई आया है। मंत्री ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पर बेवजह आरोप न लगाए। वर्तमान सरकार कांग्रेस की तुलना में अधिक कीमत पर किसानों से धान खरीद रही है।
तहसीलदार निलंबित, कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही के मामले में तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी के निलंबन को लेकर भी राजस्व मंत्री ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निलंबन की कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन आम लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसका उद्देश्य लोगों को घर बैठे उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतों को गंभीरता से लें और समय पर उनका निराकरण करें।
एसएसआर अभियान के बहिष्कार पर कांग्रेस को घेरा
एसएसआर अभियान को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए बहिष्कार पर भी मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग संबंधित क्षेत्र में रहते ही नहीं हैं, उनके नाम मतदाता सूची में क्यों होने चाहिए? ऐसे नाम हटाए जाने चाहिए और गलत तरीके से नाम जुड़ना उचित नहीं है। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का स्वभाव हमेशा विरोध करना है और वह अपने इसी स्वभाव से लाचार है।