0 गर्भ में पल रहे बच्चे की भी गई जान,
0 सीएम साय ने की मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा
0 घायलों को मिलेंगे 50-50 हजार रुपए
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में गुरुवार को यात्री बस सेमरमथानी मोड़ के पास बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए भीषण बस हादसे में बस मालिक समेत 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 40 यात्री घायल हुए हैं। ड्राइवर समेत 15 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे नवजात की भी मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में कुल 47 यात्री सवार थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे सेमरमथानी मोड़ के पास ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी बस के परखच्चे उड़ गए। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। 15 घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। बस में कुल 47 यात्री सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि, बस के परखच्चे उड़ गए हैं। घटना केल्हारी थाना क्षेत्र की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के नाम
मृतकों में सिपाही लाल (55 वर्ष, ग्राम केल्हारी), पंचराम (60 वर्ष, चिरमिरी), मधु (12 वर्ष, ग्राम रोझी, केल्हारी), नेहा (9 वर्ष, ग्राम रोझी, केल्हारी), संगीता पाव (30 वर्ष, ग्राम गुडरू, केल्हारी) व सुकारो बाई (80 वर्ष, ग्राम भालूडांड़, केल्हारी) शामिल हैं।
40 यात्री घायल, 15 को किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस और मेडिकल की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 40 घायलों में से 15 को अंबिकापुर रेफर किया गया है। अस्पताल में डॉक्टर और नर्स घायल महिला को सीपीआर देते हुए दिखाई दिए। ड्राइवर की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से 2 घायल अंबिकापुर रेफर
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दुर्घटना में घायल यात्रियों का सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ एवं जिला अस्पताल चिरमिरी में उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुरूप हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, बस के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सीएम साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री साय ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 5-5 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
सीएम साय ने घायलों के बेहतर उपचार के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से संचालित करने तथा घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो।