Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 गैस कटर से बस की बॉडी काटकर घायलों को निकाला गया
सिमगा/बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाइवे पर ग्राम दरचुरा के पास सोमवार सुबह बस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 की पहले और 2 घायलों ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की सवारी बस सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई।

हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया। बस में फंसे यात्रियों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब हो गई थी। सुरक्षा के लिए ट्रक के पास स्टॉपर लगाया गया था।

अंबिकापुर से आ रही थी रायपुर
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस (सीजी 04 एनएम 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए निकली थी। सफर में अधिकतर यात्री नींद में थे। घटना के दौरान बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ रही बस सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास खड़ी ट्रक में जा घुसी। यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिल पाया। 3 लोगों की मौके पर ही मौत गई। वहीं 8 से 10 लोग गंभीर घायल हो गए हैं। बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। घटना की सूचना पर डायल 112 और सिमगा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बस के अंदर कई लोग गंभीर हालत में थे। उनका सामान बिखर गया था। सभी को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को इलाज के लिए तत्काल सिमगा सीएचसी भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतकों के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे में मृतक व घायलों के नाम

हादसे में जशपुर निवासी ड्राइवर भागीरथी यादव (37 वर्ष), बलरामपुर निवासी हेल्पर पवन देवांगन (24 वर्ष) और बलरामपुर के ही यात्री समीम मोहम्मद (39 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं बलरामपुर के रहने वाले अतुल कुमार (33 वर्ष) और रायगढ़ के रहने वाले सुंदर लाल (49 वर्ष) साल को रायपुर एम्स और मेकाहारा रेफर किया गया था, जहां दोनों की मौत हो गई। वहीं घायलों में वासुदेव राव (31) आंध्र प्रदेश, राजेंद्र ठाकुर (30) भिलाई, सविता केंवट (21) रामानुजनगर, बुधराम केंवट (25) रामानुजनगर, निर्मला यादव (52) बसंतपुर, दुलेश्वर यादव (54) बसंतपुर, सुमन दीक्षित (40) बिलासपुर, अमन गुप्ता (22) बैकुंठपुर, अनुराग वेद (28) रायपुर, दिलीप तिवारी (30) कोरबा, सतीश भगत (35) रायपुर, अनिल यादव (22) कोरबा, कमलदास गुप्ता (59) बैकुंठपुर व पूनम टोप्पो (50) जशपुर शामिल हैं। 

7 घायलों को रायपुर भेजा गया
सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार सवारी बस टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि 10 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गैस कटर से निकाले गए बस में फंसे यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टक्कर के बाद कुछ घायल यात्री बस में फंस गए थे। उन्हें गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल सिमगा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पिछले 24 घंटे में रायपुर में 4 हादसे, 5 मौतें
राजधानी में पिछले 24 घंटे में 4 सड़क हादसे में 5 लोगों की जान गई है। दो हादसे विधानसभा, एक एक्सीडेंट रायपुरा डीडीनगर और एक हादसा तेलीबांधा मेन रोड में हुआ। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड चौक पर रविवार को ट्रक से कुचलकर स्कूटी सवार टेमरी माना निवासी 35 वर्षीय महिला गंगा साहू और उनकी बेटी रितिका साहू 9 वर्ष की मौत हो गई। इसके बाद विधानसभा रोड पर दौंदेखुर्द के पास पिकअप की टक्कर से दोपहिया पर सवार होकर बलौदाबाजार से अपनी पत्नी के साथ रायपुर आ रहे एक युवक की मौत हो गई और महिला गंभीर रूप से घायल है।

गैस कटर की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

 

 

tranding