Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कई लोगों के दब होने की आशंका, इस साल शहर का छठा बड़ा हादसा
नई दिल्ली। दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, करीब 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

अधिकारियों के मुताबिक, घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सत्तारा में हुई। सूचना मिलने के बाद दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और एमसीडी की टीमें भी रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं।

एमसीडी ने मामले में दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इनमें असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) मोहम्मद नईम और जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) अमन दलाल शामिल हैं। दिल्ली में इस साल इमारत गिरने का यह छठा बड़ा मामला है। इससे पहले 5 हादसों में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सत्य निकेतन और सीमापुरी हादसे शामिल हैं। जान गंवाने वालों में कई छात्र भी थे।

छत का सपोर्ट सिस्टम हटाते समय गिरी इमारत
एमसीडी के एक अधिकारी के मुताबिक, इमारत का निर्माण चल रहा था, लेकिन करीब 15 दिन पहले काम रोक दिया गया था। हादसे के समय मजदूर छत के नीचे लगे सपोर्ट सिस्टम को हटा रहे थे। इसी दौरान पूरी इमारत ढह गई। अधिकारी ने बताया कि निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री इंजीनियरिंग मानकों के मुताबिक तैयार नहीं थी और ठीक से सेट भी नहीं हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, इसी वजह से इमारत गिरी।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- 3 से 4 महीने से बन रही थी बिल्डिंग
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि इमारत पिछले 3-4 महीने से बन रही थी। तीन-चार लिंटर डाले जा चुके थे और वे सभी एक साथ गिर गए। घटना के समय करीब तीन-चार लोग मौजूद थे। एक शव को मलबे से बाहर निकालते हुए देखा गया है।

आप ने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इमारत गिरने की घटना पर सीएम रेखा गुप्ता सरकार और एमसीडी को घेरा। उन्होंने एक्स पर कहा कि कई बार सुरक्षा ऑडिट के आदेश के बावजूद दिल्ली में इमारतें गिर रही हैं। भारद्वाज ने सरकारी विभागों पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग रिश्वत नहीं देते, उनकी इमारतें सील कर दी जाती हैं, जबकि दूसरी इमारतों पर कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने दमकल विभाग और एसडीएम कार्यालयों में भी वसूली का आरोप लगाया और ग्रेटर कैलाश-2 में दो जिम सील करने की कार्रवाई पर सवाल उठाए।