0 सरकारी ताकत इस्तेमाल कर परिवार को अमीर बनाने का आरोप
0 एपस्टीन मामले की भी जांच होगी
वॉशिंगटन डीसी। मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद अब राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके जरिए उन्हें पद से हटाया जा सकता है।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक डेमोक्रेट्स आरोप लगा रहे हैं कि ट्रम्प ने अपने पद का इस्तेमाल कर अपने करीबियों को फायदा पहुंचाया और संपत्ति जुटाई। इससे आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। डेमोक्रेटिक सांसद रॉबर्ट गार्सिया ने कहा है कि वे यह पता लगाएंगे राष्ट्रपति रहते हुए ट्रम्प और उनके परिवार की संपत्ति कैसे बढ़ी। उनका फोकस ट्रम्प के बेटों और दामाद जेरेड कुशनर के कारोबारी सौदों पर है।
गार्सिया ने जांच के लिए पांच मुद्दे तय किए हैं। इनमें ट्रम्प परिवार के कारोबारी सौदे, जेफ्री एपस्टीन मामले की जांच में ट्रम्प प्रशासन की भूमिका और अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी (आईसीई) की छापेमारी और कार्रवाई शामिल हैं।
रिपब्लिकन सांसद बोले- आईसीई की कार्रवाई से पार्टी को नुकसान हुआ
रिपब्लिकन पार्टी के सांसद मार्लिन स्टुट्जमैन ने माना है कि इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) की सख्त कार्रवाई से पार्टी को चुनाव में नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि डिपोर्टेशन पर लगातार जोर देने और आईसीई की कार्रवाई के चलते लैटिन अमेरिकी वोटर रिपब्लिकन पार्टी से दूर हो गए। स्टुट्जमैन इंडियाना से रिपब्लिकन सांसद हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टुट्जमैन ने कहा कि पार्टी ने दक्षिणी सीमा की सुरक्षा के मुद्दे पर सही बात की, लेकिन अवैध प्रवासियों को देश से निकालने की बात बार-बार उठाने से गलत संदेश गया।