Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 फुल क्रीम दूध 76 और टोंड 62 रुपए का
0 6 महीने में दूसरी बार दाम बढ़ाए
नई दिल्ली। मदर डेयरी ने दूध की कीमतें 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दी हैं। नई कीमतें 12 नवंबर यानी गुरुवार से लागू होंगी। कंपनी ने दूध की खरीद लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।

दिल्ली-एनसीआर में कंपनी के टोंड, फुल क्रीम, डबल टोंड और गाय के दूध समेत सभी प्रमुख वैरिएंट के दाम बढ़ाए गए हैं। कंपनी ने पिछली बार 14 मई 2026 को दूध की कीमतें बढ़ाई थीं। इससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था।


कंपनी ने कहा- लागत बढ़ने के चलते फैसला
कंपनी से जुड़े सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि किसानों से दूध खरीदने की लागत काफी बढ़ गई है। दूध की खरीद और बाकी खर्चों में आई इस तेजी के चलते कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। इसी लागत का थोड़ा-सा बोझ ग्राहकों पर डालते हुए दूध की खुदरा कीमतें बढ़ाना कंपनी की मजबूरी बन गया था।

1974 में हुई थी मदर डेयरी की शुरुआत
मदर डेयरी को 1974 में शुरू किया गया था। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की सब्सिडियरी कंपनी के रूप में काम करती है। मदर डेयरी अपने दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का 75-80% हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में अपने आउटलेट्स, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। इसकी कुल डेली दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है।

दूध के अलग-अलग वेरिएंट्स का क्या मतलब है?
फुल क्रीम मिल्क: इसमें फैट की मात्रा सबसे ज्यादा (कम से कम 6%) होती है। यह ज्यादा गाढ़ा और पोषण से भरपूर माना जाता है।
टोंड मिल्क: होल मिल्क (फुल क्रीम) में स्किम्ड मिल्क और पानी मिलाकर इसे तैयार किया जाता है, ताकि फैट का प्रतिशत घटाकर लगभग 3% पर लाया जा सके।
डबल टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा और कम करके लगभग 1.5% कर दी जाती है। यह कम कैलोरी वाली डाइट पसंद करने वालों के लिए सही होता है।
बल्क टोंड मिल्क: यह मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर बिना पाउच के सीधा मिलने वाला टोंड दूध होता है।