0 ईडी ने सौरभ को गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया
0 कहा-3 साल की कोशिश के बाद पकड़ाया
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पीएमएलए की धारा 19 के तहत यह कार्रवाई की है। इसके बाद ईडी की विशेष अदालत ने सौरभ को 7 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। उससे 19 नवंबर तक पूछताछ की जाएगी।
सुनवाई के दौरान ईडी ने अदालत को बताया कि मनी लांड्रिंग के मामले में सौरभ चंद्राकर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी है। उसके खिलाफ सीबीआई के दो और ईडी का एक मामला दर्ज है। करीब 6 हजार करोड़ रुपए के इस मामले में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, फर्जी बैंक खातों, हवाला लेनदेन और विदेशों में संपत्ति निवेश की जांच की जा रही है। ईडी ने सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया है। जांच में आनलाइन बुक के अलावा रेड्डी अन्ना, फेयरप्ले, स्काईएक्सजेंच और लोटस 365 जैसे आनलाइन प्लेटफार्म से जुड़े संभावित वित्तीय संबंध भी खंगाले जा रहे हैं। जांच एंजेसियों के मुताबिक हजारों आनलाइन पैनल के जरिए सट्टे का कारोबार संचालित होता था। इसके लिए फर्जी बैंक खातों, संदिग्ध केवायसी और हवाला के जरिए रकम का लेनदेन किया जाता था। इस रकम को दुबई की कंपनियों और संपत्तियों में निवेश करने के साथ भारतीय शेयर बाजार तक पहुंचाने के आरोपों की भी जांच हो रही है। वहीं फरवरी 2023 में यूएई के रास अल खैमाह में सौरभ चंद्राकर की शादी भी जांच के दायरे में है। ईडी के मुताबिक शादी और आयोजनों पर करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए जाने का आरोप है। एजेंसी इस खर्च में नकद और हवाला के जरिए भुगतान की जांच कर रही है।
बता दें कि करीब 3 साल की कोशिशों के बाद सौरभ को भारत लाया गया है। वह इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाकर गिरफ्तार किया गया है।
दुबई से चलाता था सट्टे का नेटवर्क, हर महीने 450 करोड़ की कमाई
ईडी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसके साथी रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन बुक नाम से ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे। इसका मुख्यालय दुबई में था। भारत और यूएई में सट्टे के पैनल फ्रेंचाइजी के जरिए चलाए जाते थे। इस नेटवर्क में लोग ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। खिलाड़ियों से मिलने वाला पैसा दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद हवाला के जरिए यह रकम भारत से बाहर भेजी जाती थी। ईडी ने 20 अक्टूबर 2023 को अदालत में पेश की गई अपनी मुख्य शिकायत में इस सिंडिकेट की कमाई करीब 450 करोड़ रुपए हर महीने बताई थी।
समन के बाद भी पेश नहीं हुआ, कोर्ट ने जारी किया था वारंट
ईडी के मुताबिक, सितंबर 2023 में सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद ईडी ने विशेष अदालत में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी करने की मांग की थी। 4 सितंबर 2023 को अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। सौरभ ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज हो गई। ईडी के अनुसार, सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद वानुआतु का पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत में यह दावा भी किया था कि वह 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है।
ओमान की कोर्ट ने भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया
सौरभ को भारत लाने के लिए ईडी ने विशेष अदालत के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा था। यह अनुरोध भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत राजनयिक माध्यमों से भेजा गया था। 8 अक्टूबर 2026 को मस्कट की कोर्ट ऑफ अपील ने सौरभ के भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया। अदालत ने उसकी नागरिकता से जुड़ी दलील खारिज कर दी। भारतीय दूतावास ने पुष्टि की थी कि सौरभ भारतीय नागरिक है। ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सौरभ को मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फर्जी यात्रा दस्तावेज के साथ बाहर जाने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया था। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को सीबीआई की टीम उसे मस्कट से भारत लेकर आई। ईडी ने इस कार्रवाई में ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया है।
190 ठिकानों पर छापेमारी, हजारों करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी ने अब तक बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के मुताबिक:
0 करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है।
0 लगभग 2,000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई है।
0 करीब 3,500 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की गई हैं।
अटैच संपत्तियों में लगभग 1,800 करोड़ रुपए की विदेश स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में मौजूद 22 अचल संपत्तियां भी कार्रवाई के दायरे में आई हैं। ईडी अब तक इस मामले में 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस मामले में एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी बताया गया है।
अमेरिकी कंपनी एबिक्स इंक खरीदने में लगाए 766 करोड़ रुपए
महादेव सट्टा मामले की जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा सट्टे की कमाई के निवेश को लेकर हुआ है। ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया कि सट्टे से जुटाई गई रकम को पैनल संचालकों से लेकर दुबई स्थित मुख्यालय, हवाला ऑपरेटरों और शेयर बाजार में निवेश करने वालों तक पहुंचाया गया। सितंबर 2023 में ईडी ने दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपए की सिक्योरिटीज फ्रीज की थीं। इसके बाद जुलाई 2026 में ईडी ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसकी कंपनियों में सट्टे से कमाए गए करीब 940 करोड़ रुपए पहुंचे थे। इनमें से लगभग 766 करोड़ रुपए अमेरिका की कंपनी एबिक्स इंक को खरीदने में लगाए गए थे। इस मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच में ईडी ने करीब 941 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की है।