0 कमीशन वसूलकर अनवर ढेबर तक पहुंचाता था करोड़ों की रकम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के 2,883 करोड़ रुपए से ज्यादा के शराब घोटाले में लंबे समय से फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई में गिरफ्तार किया गया है। उसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि इससे जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। हालांकि, उसे भारत कब लाया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
शराब सिंडिकेट के पैसों का हिसाब संभालता था
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में विकास अग्रवाल की भूमिका अहम बताई गई है। एजेंसी के मुताबिक, वह शराब सिंडिकेट में पैसों का हिसाब संभालता था। आरोप है कि वह डिस्टिलरी और एफएल-10ए लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूलता था। इसके बाद यह रकम अनवर ढेबर तक पहुंचाता था। ईडी ने उसे सिंडिकेट के पैसों के लेन-देन की अहम कड़ी बताया है।
2019 से 2023 के बीच 2,883 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप
ईडी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 2019 से 2023 के बीच शराब सिंडिकेट ने अलग-अलग तरीकों से 2,883 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध कमाई की। जांच में सरकारी शराब दुकानों से बिना हिसाब बिक्री, शराब की खरीद कीमतों में गड़बड़ी और विदेशी शराब के लाइसेंस से जुड़े कमीशन वसूलने के आरोप सामने आए हैं। इस मामले में जांच एजेंसियां अब तक कई चार्जशीट दाखिल कर चुकी हैं।