0 प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को मनीला में 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन को संबोधित किया
मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में स्वतंत्र, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने तकनीक, समुद्री सुरक्षा, पर्यटन, साइबर सुरक्षा, शिक्षा और युवा संपर्क सहित नौ प्रस्ताव रखे। भारत-आसियान संबंधों की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की साझेदारी क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आसियान देशों से कहा है कि भारत एक स्वतंत्र, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास करता है। इस क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग पर निर्भर करता है। क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों और शक्ति प्रदर्शन की चिंताओं के बीच प्रधानमंत्री ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए ये बात कही। प्रधानमंद्धी मोदी ने भारत- आसियान संबंधों को नया आयाम देने के लिए नौ महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे। प्रधानमंत्री ने आसियान के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों को क्षेत्र और उससे बाहर शांति, स्थिरता तथा पहले जैसी स्थिति सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के दौर में इस साझेदारी का महत्व एक नए आयाम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' ने दोनों पक्षों के संबंधों को नई गति दी है। बीते कुछ वर्षों में दुनिया ने एक के बाद एक कई संकटों का सामना किया है। आज दुनिया को शांति और स्थिरता की जरूरत है। ऐसे में सम्मेलन की इस वर्ष की थीम ‘मिलकर अपने भविष्य की राह तय करना’ विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा, भारत- आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय हो। मोदी ने कहा कि हमारे पास इसे हासिल करने की क्षमता भी है और साझा संकल्प भी। मिलकर हम इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं। उन्होंने ने कहा कि वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए बहुत अहम होगा। नए साल में दोनों पक्ष अपने संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे करेंगे। इस प्रारूप में आसियान नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की यह 13वीं बातचीत थी।
तकनीक और साझा विकास पर जोर
भविष्य में प्रौद्योगिकी के महत्व का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और आसियान को केवल तकनीकों का उपभोक्ता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें मिलकर नई तकनीकों का विकास करना चाहिए और अपने लोगों को तकनीकी रूप से कुशल बनाने के लिए साथ काम करना चाहिए। भारत और आसियान दोनों के पास पर्याप्त क्षमता और संकल्प है। साझेदारी साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल प्रौद्योगिकी, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में नए आयाम हासिल कर चुकी है।
भारत-आसियान की साझा प्रगति
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा दृढ़ विश्वास है कि भारत की प्रगति और आसियान की समृद्धि गहराई से जुड़ी है। आने वाले वर्षों में आसियान समुदाय का दृष्टिकोण 2045 और विकसित भारत 2047 हमारे साझा लक्ष्यों को वास्तविकता में बदलने में मदद कर सकते हैं। बीते 12 वर्षों में दोनों पक्षों ने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब हमें मिलकर भविष्य को एक नई दिशा देनी है। इस साझेदारी में आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पहले भी अटूट रही है और आगे भी बनी रहेगी।
पहल के जरिए संबंधों में सुधार
वर्ष 2014 से दोनों पक्षों के बीच हुए सहयोग के परिणामों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि लोगों के बीच आपसी संबंध मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। लगभग 250 त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इसके अलावा कौशल विकास के लिए दस हजार से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की हैं। आज भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन हमारे घनिष्ठ संबंधों का एक और प्रमाण हैं और संबंधों को निरंतर नया आयाम मिल रहा।
नौ प्रस्तावों का खाका
नौ प्रस्तावों से भारत- आसियान संबंधों को मिलेगा नया आयाम
1.पर्यटन: मुफ्त ई-वीजा से बढ़ेगा पर्यटन
आसियान- भारत शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा देने का प्रस्ताव रखा। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच पर्यटन को बढ़ावा देना है।
2.सुरक्षा: समुद्र क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा
प्रधानमंत्री ने आसियान देशों के साथ दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना पर जोर दिया। इसके तहत इसके तहत संपर्क सुविधा, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर मिलकर काम किया जाएगा।
3.अनुसंधान: विज्ञान क्षेत्र में एकसाथ कदमताल
भारत ने आसियान देशों के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, परमाणु ऊर्जा के साथ महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आसियान देशों के साथ सहयोग बढ़ाने की बात कही है।
4.चेतावनी प्रणाली: आंकड़ा की अदला-बदली
प्रस्ताव में बेहतर पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, उपग्रह और मौसम संबंधी आंकड़ों का आदान-प्रदान करने, संयुक्त तैयारी अभ्यास आयोजित करने तथा मानवीय सहायता तेजी से पहुंचाने जैसे सुझाव शामिल हैं।
5.साइबर सुरक्षा: फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम
भारत ने क्षेत्र में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की क्षमता बढ़ाने और साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी तथा अन्य डिजिटल खतरों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का भी प्रस्ताव दिया।
6 स्पेस हैकाथॉन: तकनीकी कौशल को प्राथमिकता
इस प्रस्ताव के जरिए कृषि और संसाधन प्रबंधन के क्षेत्रों में तकनीकी कौशल विकसित करना तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं के नवाचार और ज्ञान के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है। इससे सदस्य देशों के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में साझेदारी मजबूत होगी।
7 कनेक्ट पहल: युवा भागीदारी पर जोर
सदस्य देशों के बीच आपसी संपर्क और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री ने 'आसियान-भारत यूथ कनेक्ट' पहल का सुझाव दिया। इसमें युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच विचार- विमर्श और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित करना शामिल है।
8.शिक्षा: नालंदा में आसियान देशों के छात्रों को मौका
प्रधानमंत्री ने बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा।
9.समिट: ऑडियो विजुअल समिट में पवेलियन
वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट में आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन स्थापित करने का सुझाव भी दिया।
11 देशों का समूह है आसियान
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन आसियान एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। इसका उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशिया के सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, राजनीतिक स्थिरता, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है। वर्ष 1967 में स्थापित आसियान में अब 11 सदस्य देश हैं। इनमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश आसियान के संवाद साझेदार हैं।
भारत-आसियान संबंधों का विकास
आसियान संग संबंधों को मिला नया मुकाम
भारत- आसियान के बीच संवाद संबंधों की शुरुआत वर्ष 1992 में क्षेत्रीय साझेदारी की स्थापना के साथ हुई थी। दिसंबर 1995 में इसे पूर्ण संवाद साझेदारी का दर्जा दिया गया और वर्ष 2002 में यह शिखर सम्मेलन स्तर की साझेदारी में बदल गई। वर्ष 2012 में इस संबंध को रणनीतिक साझेदारी और 2022 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया। फिलीपींस वर्तमान में आसियान का अध्यक्ष है। इसी हैसियत से वह मनीला में वार्षिक आसियान शिखर सम्मेलन और इससे जुड़ी बैठकों की मेजबानी कर रहा है।