Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 टोक्यो में 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर हुई चर्चा 
टोक्यो। भारत और जापान ने विशिष्ट, पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाली (अंडरवॉटर) और मिसाइल तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग तेज करने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने जहाजों की मरम्मत के लिए एक-दूसरे को सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मैरीटाइम शिप रिपेयर अरेंजमेंट (एमएसआरए) को जल्द अंतिम रूप देने की जरूरत पर भी जोर दिया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को टोक्यो में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में दोनों देशों ने आपसी हित से जुड़े विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। राजनाथ सिंह ने जापान यात्रा के दौरान उन्हें और जयशंकर को दिए गए गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए जापानी मंत्रियों और उनके प्रतिनिधिमंडलों का आभार भी जताया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देश विशिष्ट, अंडरवॉटर और मिसाइल तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग को गति देने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने बताया कि जहाजों की मरम्मत की पारस्परिक सुविधाओं के लिए एमएसआरए को जल्द अंतिम रूप देने और समुद्री बारूदी सुरंगों का पता लगाने तथा उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमताओं में सहयोग बढ़ाने का भी फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार साझा किए और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की जरूरत पर सहमति जताई।

रक्षा मंत्री ने वर्ष 2026 को भारत और जापान के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देश 2027 में राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर के आयोजन की नींव तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एशिया के दो मजबूत लोकतंत्रों के रूप में भारत और जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं। यह संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है।

राजनाथ सिंह के अनुसार, दोनों देशों ने अगस्त 2025 में हस्ताक्षरित सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा के अनुरूप रक्षा और सुरक्षा साझेदारी में हुई प्रगति का भी जायजा लिया।उन्होंने भारत में आयोजित भारत-जापान वायुसेना अभ्यास ‘वीर गार्जियन 26’ में जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के लड़ाकू विमानों की पहली बार भागीदारी का स्वागत किया। साथ ही, 13 अक्टूबर 2026 को टोक्यो में आयोजित तीसरे भारत-जापान रक्षा उद्योग मंच का भी उल्लेख किया। दोनों पक्षों के बीच हवाई और अंतरिक्ष क्षेत्र की गतिविधियों पर निगरानी से जुड़े मौजूदा सहयोग पर भी चर्चा आगे बढ़ी। रक्षा मंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने यूनिकॉर्न से जुड़े समझौतों पर जल्द विचार किए जाने की उम्मीद जताई। उन्होंने ‘डिजाइन विद जापान’ और ‘मेक इन इंडिया’ के ढांचे के तहत रक्षा औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

हाल ही में हस्ताक्षरित समुद्री सुरक्षा सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन को आगे बढ़ाते हुए दोनों पक्षों ने समुद्री और हवाई क्षेत्र की निगरानी, खोज एवं बचाव तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान से जुड़े समझौतों सहित ठोस सहयोग को जल्द लागू करने पर सहमति जताई।