Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

एम्स्टेल्विन। महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ रविवार (तीन जुलाई) को नीदरलैंड के एम्स्टेल्विन में की। पूल बी का यह मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। इंग्लैंड के लिए इसाबेल पीटर ने गोल किया। वहीं, वंदना कटारिया ने भारत के लिए इकलौता गोल दागा। भारत के पास इंग्लैंड से टोक्यो ओलंपिक में मिली हार का बदला लेने का मौका था, लेकिन अपनी ही गलतियों से उसने इसे गंवा दिया। दोनों टीमों को मैच से एक-एक अंक मिले।

भारत का अगला मुकाबला चीन से पांच जुलाई को होगा। वहीं, इंग्लैंड की टीम उसी दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी। अंक तालिका की बात करें तो पूल-बी में न्यूजीलैंड पहले, चीन दूसरे, इंग्लैंड तीसरे और भारत चौथे स्थान पर है। सभी टीमों के एक-एक अंक हैं।

ओलंपिक में इंग्लैंड ने भारत को हराया था
पिछले साल ओलंपिक में कांस्य मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4-3 से हराकर ऐतिहासिक पदक जीतने से वंचित कर दिया था। विश्व कप से पहले भारतीय महिला टीम के हौसले बुलंद हैं। वह एफआईएच प्रो लीग में पहली बार खेलते हुए तीसरे स्थान पर रही थी।

चौथा क्वार्टर: आखिरी तीन मिनट में भारत दो बार गोल करने से चूका
57वें मिनट में भारत की शर्मिला देवी गेंद को गोलपोस्ट में डालने से चूक गईं। यह उनके लिए सबसे आसान मौका था। इंग्लैंड की गोलकीपर गोलपोस्ट से काफी आगे जा चुकी थीं। गोलपोस्ट के नजदीक इंग्लैंड की कोई अन्य खिलाड़ी भी नहीं थी। शर्मिला के पास गेंद को गोलपोस्ट में डालने का मौका था, लेकिन वह चूक गईं। इसके बाद 58वें मिनट भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को बर्बाद कर दिया।

तीसरा क्वार्टर: भारत ने मौका गंवाया
भारत ने इस क्वार्टर में दो बार गोल करने के मौके बनाए, लेकिन सफलता नहीं मिली। 41वें मिनट में दाई ओर से नवजोत ने शानदार क्रॉस गोलपोस्ट की ओर दिया, लेकिन कोई भी खिलाड़ी उसे गोलपोस्ट में डालने के लिए वहां नहीं खड़ी थी। इसके बाद 44वें मिनट में नेहा ने जोरदार रिवर्स हिट लगाया, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर ने उसे गोलपोस्ट में जाने से रोक दिया। इन दो मौकों पर अगर गोल आ गए होते तो टीम इंडिया 3-1 से आगे हो जाती।

दूसरा क्वार्टर: भारत ने किया पहला गोल
भारत के लिए पहला गोल वंदना कटारिया ने किया। भारत को 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। इंग्लैंड की गोलकीपर मजबूती से सामने खड़ी थीं, लेकिन वंदना कटारिया के शॉट को नहीं रोक पाईं। वंदना ने टीम इंडिया को मैच में बराबरी पर ला दिया।

पहला क्वार्टर: इंग्लैंड ने ली बढ़त
भारत को मैच के पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस पर गोल नहीं हो सका। शुरुआती पांच मिनट तक टीम इंडिया शानदार खेली। उसके बाद इंग्लैंड ने वापसी की। उसने आठवें मिनट में मैच का पहला गोल किया और मैच में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए पहला गोल इसाबेल पीटर ने किया। इसका बाद पहले क्वार्टर में कोई और गोल नहीं हो सका। पहले क्वार्टर में भारत को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम इंडिया उसका फायदा नहीं उठा सकी।