Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 महतारी हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री ने कहा- हम घर में घुसकर हमला करते हैं

बिलासपुर। कांग्रेस सरकार के खिलाफ शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में शामिल होने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बिलासपुर पहुंचीं। रैली में शामिल होने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम घर में घुसकर वार करते हैं। अंग्रेजी में ए फॉर अमेठी और बी फॉर बिलासपुर और अब सी फॉर छत्तीसगढ़ होगा। उन्होंने कहा कि हाथ में गंगाजल लेकर छलने निकले कांग्रेस नेता बताएं महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार, अपराध क्यों हो रहे हैं। जनता की तिजोरी कैसे लूटी जाए, इसमें सरकार की रुचि है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो भाजपा के सवालों का जवाब नहीं देंगे। मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि विपदा की घड़ी में एक तरफ मोदी घर-घर अनाज पहुंचा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ यहां सरकार लोगों के घर में शराब पहुंचा रही थी। सब जानते हैं कि यहां कि सरकार का रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है। सत्ता हो या संगठन ये केवल पैसे लूटने का काम करते हैं। श्रीमती ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गरीब जनता ने क्या पाप किया कि सरकार ने 16 लाख परिवारों की छत छीन ली। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पूरे देश की जनता को मिल रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इस योजना को ही बंद कर दिया है।

जनसभा को संबोधित करने के पहले वहां मंच पर बीजेपी के महिला नेत्रियों ने केंद्रीय मंत्री को फूल की माला पहनाई। मंच के अलावा आस-पास जनसभा में बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही केंद्रीय मंत्री मंच पर पहुंची कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मंच पर केंद्रीय मंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सरोज पांडेय, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, रमन सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री से पहले रमन सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रैली देखकर सरकार की नींद उड़ गई है। 16 लाख आवास छीन लिए गए। शराब बंदी का झूठा वादा किया गया था।

ये हुंकार नहीं दहाड़ रैली हैः रेणुका सिंह
इसके पहले जनसभा में मंच को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि यह हुंकार नही पहाड़ रैली है, दहाड़ रैली शुरू हो गई है। सरकार अपना बोरिया बिस्तर बांध ले। सिंह ने कहा कि जब सरकार बनानी थी तब शराब बंदी की बात कही थी, लेकिन अब घर घर शराब बिक रही है।
 प्रदेश अध्यक्ष साव ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेसियों ने सुना है स्मृति ईरानी आ रही हैं तब से वे थर- थर कांप रहे हैं, डर गए हैं। डरना भी चाहिए, ये वही स्मृति ईरानी हैं, जिन्होंने अमेठी में कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को पटखनी दी थी।

स्मृति ईरानी का जोरदार स्वागत
शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में शामिल होने पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का 3 किमी लंबे रोड शो में जगह जगह जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ता ने फूलों की वर्षा की।  जगमल चौक के पटेल ग्राउंड से शुरू हुई महतारी हुंकार रैली गांधी चौक, गोल बाजार, सदर बाजार होते हुए नेहरू चौक पहुंची। इस बीच जब ये रैली देवकीनंदन चौक के पास पहुंची तब वहां पर एक एंबुलेंस भीड़ में फंस गई। भीड़ होने के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ पा रही थी। मगर कार्यकर्ताओं ने उसे किसी तरह से उसे रवाना कर दिया। उस एंबुलेंस में एक मरीज को सिम्स अस्पताल ले जाया जा रहा था।

रमन प्रदेश सरकार पर हमला बोला
इधर रैली के पहले पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि, प्रदेश की जनता सरकार के खिलाफ है,इसीलिए हुंकार रैली में 50 हजार से अधिक की संख्या में महिलाएं पहुंची हैं। राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश है। आज पूरा प्रदेश आतंकित है। महिलाओं पर अत्याचार का आतंक बढ़ा हुआ है।

केंद्रीय मंत्री को काला झंडा दिखाने पहुंचे कांग्रेसी हिरासत में 
इधर, कांग्रेस ने महंगाई, रेल बंदी सहित केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को काला झंडा दिखाने पहुंचे। जिन्हें पुलिसकर्मियों हिरासत में ले लिया है।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता तिफरा के पास एकत्रित हुए। उन्हें रोकने के लिए पुलिस जवानों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। 

जनसभा के पहले स्मृति ईरानी का स्वागत किया गया।

महतारी हुंकार रैली में रमन सिंह और स्मृति ईरानी