0 रायपुर में फुहारों के साथ रिमझिम बारिश, अंबिकापुर में 7.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान
रायपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर देखा जा रहा है। रायपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद मौसम बदला। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हुई, जो शुक्रवार को दिनभर फुहारों के साथ रिमझिम बारिश जारी रही। तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने से शहर में कुछ जगह लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 7 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अगले 48 घंटों के दौरान बलरामपुर जिले में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पेंड्रा जिले में भी सुबह से बादल छाए हुए हैं और जगह-जगह रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। बारिश से तापमान में गिरावट आई है और मौसम ठंडा हो गया है।
प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश में क स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।