Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मृतकों में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल

जगदलपुर। जनपद पंचायत बकावण्ड के ग्राम पंचायत मालगांव में छुई खदान धसकने से 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल है। घटना में एक ही परिवार के 03 सदस्य शामिल हैं। 3 घायलों में एक 14 साल की लड़की भी शामिल है। तीनों का नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक में की लहर फैल गई। 

मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू टीम ने काफी देर तक मलबा हटाकर सर्चिंग अभियान चलाया। मलबा हटाने के बाद वहां कोई और लोगों के नहीं दबे होने की पुष्टि होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बंद किया गया है।  

इस घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दी गईं। इसके बाद रेस्क्यू टीम जेसीबी, खोदाई मशीन एवं एम्बुलेंस लेकर पहुंची। एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम के पहुंचने के पहले ही इस घटना में कई लोगों के मृत्यु हो चुकी थी। बताया जाता है कि घायल लोगों को अस्पताल ले जाते हुए 01 महिला ने रास्ते पर दम तोड़ दिया। ग्राम पंचायत मालगांव के सरपंच का भाई भी मृतक में शामिल है।  

जानकारी के मुताबिक खदान मालगांव में स्थित है। इस खदान में अवैध उत्खनन का काम चल रहा था। गांव के कुछ लोग खदान के नीच उतरकर मिट्टी निकाल रहे थे तभी अचानक जमीन धंस गई। वहां नीचे मौजूद लोग दब गए। पास में ही खड़े अन्य मजदूरों ने इसकी जानकारी फौरन प्रशासन को दी। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान बकावण्ड के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, जिला पुलिस प्रशासन की टीम, एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

मृतकों के नाम
कमली, समली, शांति, कुमारी, शैतो व रामेश्वर शामिल है। 
घायलों के नामः मनमती व पूर्णिमा। 

सीएम बघेल ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मालगांव छुई खदान में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने 6 ग्रामीणों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। सीएम बघेल ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। इसके साथ ही सभी घायलों के बेहतर उपचार के लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं।

मुरुम खोद बनाई 10 फीट की सुरंग
दरअसल, मालगांव में जिस जगह पर हादसा हुआ है वहां पर ग्रामीणों ने मुरुम खोद कर करीब 10 फीट लंबी सुरंग बना दी थी। अंदर से रोज छुई मिट्टी निकालते थे। शुक्रवार की दोपहर भी गांव वाले मिट्टी निकाल रहे थे। इस दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। जिससे अंदर मौजूद ग्रामीण फंस गए और उनकी मौत हो गई।

शासकीय जमीन पर चल रहा था अवैध खनन
मालगांव में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से छुई मिट्टी निकालने उत्खनन जारी था। इलाके के लोग रोजाना यहां से मिट्टी निकालकर अपने घरेलू काम के लिए लेते थे। ऐसा बताया जा रहा है कि, इस जगह पर करीब सालभर से छुई मिट्टी निकालने का काम जारी था। इसकी जानकारी प्रशासन को भी नहीं थी। इस हादसे के बाद ग्रामीणों को खनन करने के लिए मना कर दिया गया है।

मालगांव दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों से कमिश्नर ने भेंटकर बंधाया ढांढस

कमिश्नर श्याम धावड़े ने बकावंड विकासखण्ड के ग्राम मालगांव में छुई खदान के धसकने की दुर्घटना में मृतकों के परिजनों और घायलों से भेंट की और उनका ढांढस बंधाया। कमिश्नर ने इस घटना में मारे गए ग्रामीणों के प्रति संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने सभी घायलों के उचित उपचार हेतु आश्वस्त किया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रकाश सर्वे, सीएसपी विकास कुमार, एसडीएम ओपी वर्मा सहित बचाव दल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

 

tranding