Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 साओ पाउलो के अस्पताल में ली अंतिम सांस
0 पेट के कैंसर से पीड़ित थे

साओ पाउलो। ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का गुरुवार देर रात 82 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी बेटी कैली नैसिमेंटो ​​​​​ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। पेले पेट के कैंसर से जूझ रहे थे। उन्हें 29 नवंबर को साओ पाउलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कीमोथेरेपी के जरिए उनका ट्रीटमेंट किया गया, लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं हो रहा था। इसके बाद कीमोथेरेपी बंद कर उन्हें दर्द कम करने की दवाइयां दी जाने लगीं। उन्हें किडनी और कार्डियक डिसफंक्शन भी था। पेले के निधन के बाद ब्राजीली सरकार ने तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
निधन के बाद पेले की बेटी कैली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'हम जो कुछ भी हैं, आपकी बदौलत हैं। हम आपको बहुत प्यार करते हैं। रेस्ट इन पीस। 

रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे
पेले रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत काफी बिगड़ गई और फिर अस्पताल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पेले को कैंसर था और दिल से जुड़ी समस्याएं भी थीं। कैंसर के इलाज में उन पर कीमोथेरेपी का असर भी नहीं हो रहा था। जिस कारण डॉक्टर ने भी चिंता जाहिर की थी। सितंबर 2021 में उनका कोलोन ट्यूमर हटाया गया। जिसके बाद उनकी कीमोथेरेपी की गई।
पेले इससे पहले भी कई बार चेकअप कराने के लिए हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे। पिछले दिनों कतर में फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत में ही पेले ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो पोस्ट की थी। उन्होंने फैंस को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया था।

एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो असली नाम
पेले का असली नाम एडसन एरेंटस डो नेसिमेंटो था। निक नेम डिको, पेले और द ब्लैक पर्ल भी हैं। पेले का जन्म 23 अक्टूबर 1940 को ब्राजील में हुआ था। इनकी तीन पत्नियां हैं, लेकिन कितने बच्चे हैं, इसको लेकर विवाद होते रहे हैं। पेले खुद एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उन्हें याद तक नहीं कि उनके कितने बच्चे हैं। हालांकि ऑफिशियल रिकॉर्ड में पेले के 7 बच्चों के नाम सामने आते हैं। उनकी पहली शादी 1966 में हुई और 1982 में तलाक हो गया। पहली पत्नी का नाम रोज मैरी डोस रीस था। उनसे तीन बच्चे हुए। पेले ने दूसरी शादी 1994 में की और 2008 में तलाक हो गया। दूसरी पत्नी का नाम एसीरिया लेमोस सिक्सैक्स था। तीसरी शादी उन्होंने 2016 में की थी। पत्नी का नाम मार्सिया ऑकी है। वह पेले के साथ ही रहती थीं।

ब्राजील को 3 वर्ल्ड कप दिलाए
पेले फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में से एक रहे। उन्होंने 1958, 1962 और 1970 में ब्राजील को 3 वर्ल्ड कप दिलाए। उन्होंने 4 वर्ल्ड कप खेले। इनमें से टीम ने तीन बार खिताब जीते। उन्होंने 1971 में ब्राजील नेशनल टीम से संन्यास ले लिया था।