Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भाजपा नेताओं का दावा-जनता में सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश  
रायपुर। भाजपा ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी तैयारियों में खुद को झोंक दिया है। सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा कोर ग्रुप और छत्तीसगढ़ बचाओ, कांग्रेस भगाओ अभियान टोली की बैठक हुई। इसमें प्रभारियों ने फीडबैक के आधार पर बना सरकार का रिपोर्टकार्ड पेश किया। नेताओं ने दावा किया कि जनता में सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है।

बैठकों की जानकारी देते हुए प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप के साथ छत्तीसगढ़ बचाओ-कांग्रेस भगाओ अभियान की टीम की एक बड़ी बैठक हुई है। इसमें प्रदेश भर के सभी लोकसभा क्षेत्रों में प्रवास के बाद का फीडबैक प्रस्तुत किया गया। लोकसभा प्रवास की तथ्यात्मक रिपोर्ट के साथ चर्चा हुई। शर्मा का कहना था, प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों से यह बात पुष्ट हुई कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस की भ्रष्ट, अराजक और वादाखिलाफी करने वाली सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर आक्रोश है। बाद में संभाग प्रभारियों और महामंत्रियों की बैठक भी हुई। उसमें आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। संभाग प्रभारियों ने अपने संभाग की विस्तृत जमीनी जानकारी दी। इन बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी, अजय चंद्राकर सहित वरिष्ठ नेता गण मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री आवास को लेकर सबसे अधिक आक्रोश
प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने बताया कि कांग्रेस हटाओ छत्तीसगढ़ बचाओ अभियान अब आंदोलन बन रहा है। इसके जरिये लोगों का राज्य सरकार के प्रति आक्रोश सामने आ रहा है। शर्मा ने बताया, प्रधानमंत्री आवास के लिए हमें साढ़े पांच लाख से अधिक आवेदन मिले हैं। इन लोगों को पंजीकरण और स्वीकृति के बाद भी प्रधानमंत्री आवास नहीं मिला है। शहरी क्षेत्रों में भी यही स्थिति है।