Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 सब्जेक्ट समिति की बैठक शुरू 
0 सीडब्ल्यूसी का चुनाव नहीं होगा
0 पार्टी अध्यक्ष खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। इसमें शामिल होने देशभर से कांग्रेस नेता पहुंचे हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी अधिवेशन में शामिल होने पहुंच गए हैं। शुक्रवार सुबह से चल रही अनिश्चितता की खबरों के बाद दोपहर करीब 3 बजे सोनिया गांधी और राहुल गांधी विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य नेताओं ने किया।

एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत के लिए कई नृत्य दल यहां बुलाए गए थे। सोनिया और राहुल के यहां पहुंचते ही उनके समर्थन में नारे लगे। यहां से वे निजी रिसॉर्ट के लिए रवाना हुए। इसके बाद वे महाधिवेशन स्थल पर पहुंचेंगे। 
इस बीच, सब्जेक्ट समिति की बैठक शुरू हो गई है। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) का चुनाव नहीं होगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी के संविधान में संशोधन पर भी विचार किया जाएगा।

सोनिया कल और राहुल 26 को करेंगे संबोधित
अभी जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक कल यानी 25 फरवरी को सुबह 11.30 बजे सोनिया गांधी महाधिवेशन को संबोधित करेंगीं, जबकि राहुल गांधी 26 फरवरी को पहले सत्र में महाधिवेशन को संबोधित करेंगे।
 
कांग्रेस के हर अधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैंः खड़गे
इससे पहले, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक के बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब, कमजोर तबकों, गांव-देहात और नौजवानों को एक साथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं। जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है।

पार्टी के संविधान में संशोधन का प्रस्ताव हैः जयराम रमेश
कांग्रेस संचार प्रमुख के अध्यक्ष जयराम रमेश ने कहा है कि आज स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई है। सभी सदस्यों ने अपनी राय रखी है। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष को यह अधिकार दिया जाए कि वह कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों को मनोनीत करें। हमारे पार्टी के संविधान में बड़े महत्वपूर्ण संशोधन का प्रस्ताव है। इस पर भी विचार होगा।  

कार्यकर्ताओं के अंदर एक ऊर्जा का संचार होगाः पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि इस अधिवेशन में आने वाली राजनीति का रास्ता तय होगा। सभी कार्यकर्ताओं के अंदर एक ऊर्जा का संचार होगा। भाजपा की नाकामी हम लोगों को जन-जन तक पहुंचाना है। मुझे लगता है कि सहयोगियों के साथ हम लोग 2024 का चुनाव चुनौती देकर जीत सकते हैं। भारत सरकार एजेंसीज का दुरुपयोग कर रही है। चाहे वह बीबीसी के दफ्तर पर छापा हो या फिर कांग्रेस के लोगों को जबरदस्ती गिरफ्तार करना हो।

25 और 26 फरवरी को क्या-क्या होगा
0 25 फरवरी को सुबह 10.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष का संबोधन होगा।
0 सुबह 11.30 बजे सोनिया गांधी संबोधित करेंगीं।
0 25 फरवरी को राजनीतिक, आर्थिक और इंटरनेशनल मुद्दों पर चर्चा होगी।
0 26 फरवरी को कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा तथा सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर चर्चा होगी।
0 26 फरवरी को ही 10.30 बजे राहुल गांधी प्रीलिमिनरी सेशन को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे खड़गे का अंतिम भाषण होगा। 3 बजे पब्लिक रैली होगी। जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।

tranding
tranding
tranding