Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन चल रहा है। आयोजन के अंतिम दिन रविवार को प्रियंका गांधी ने महासभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के तमाम नेताओं के यहां रेड डलवाई जा रही है। ऐसा करके उनके द्वारा एजेंसियों के माध्यम से दबाव बनवाया जा रहा है।

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अडिग और निडर है। यहां इतनी रेड डाली जा रही है, उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसके बाद भी वो निडर होकर अडिग खड़े हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमें दो दिन के लिए पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है तो अन्य नेताओं को कितने दिन जेल में डाला जा सकता है, ये आप समझ सकते हैं।

हमें घसीट कर पूछताछ के लिए ले जाया जा सकता है तो आपके साथ क्या होता होगा। यह हम जानते हैं। हमारे संगठन के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती है। उसका सामना कैसे किया जाए, इस पर 3 दिनों से महाधिवेशन में चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी को चाहिए कि वो मंडल और ब्लाक स्तर पर कांग्रेस की विचारधारा को ले जाएं और नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ें।

प्रियंका ने बताया कांग्रेस का सच्चा कार्यकर्ता कौन
प्रियंका गांधी ने मंच को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं का नाम लेकर याद किया। उन्होंने सभी को बताया कि कार्यकर्ता कौन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता वो अनोखे लाल है जो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पार्टी के झंडे को लेकर कन्याकुमारी से लेकर यहां तक चला। उन्होंने कहा कि कल शोक प्रस्ताव हुआ। उसमें ईश्वरचंद्र शुक्ला का नाम नहीं लिया गया। ईश्वरचंद्र शुक्ला वो कार्यकर्ता थे, जिन्हें टिकट नहीं मिला, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने पार्टी का प्रचार किया और प्रचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बच्चू पासी ने सफेद जूते पहन कर गांव-गांव कांग्रेस का प्रचार किया। इस दौरान उनका देहांत हुआ। जो कार्यकर्ता आजीवन अपने वजूद के लिए संघर्ष करता है, उसे लाइफ लॉन्ग कार्यकर्ता कहा जाता है। वही सच्चा कार्यकर्ता होता है।

भारत जोड़ो यात्रा की बताई सच्चाई
प्रियंका गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के महत्व और उसकी हकीकत को बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो भारत जोड़ो यात्रा शुरू की। उन्होंने 3500 किलोमीटर पैदल चलकर पार्टी की विचारधारा की देश में एक लंबी लकीर खींचकर दिखाई है। देश ने देखा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता किसलिए खड़े हैं। किस विचारधारा के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कश्मीर में कुछ महिलाओं ने उनसे कहा कि तीन सालों से उनके अंदर घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं थी। इस यात्रा ने उन्हें बाहर आने की हिम्मत दी है।

भारत से भाजपा की सरकार को हटाने का काम करेगी कांग्रेस
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसा विकल्प है, जो भारत से भाजपा की सरकार को हटाएगी। इसके लिए लोगों का उसके साथ जुड़ना बहुत जरूरी है। प्रियंका ने कहा कि देश के लोग समझ रहे हैं कि देश में क्या सही और क्या गलत चल रहा है। बस उन्हें एक प्लेटफार्म देने की जरूरत है। पार्टी के लोगों को चाहिए कि वो लोगों की आवाज को बुलंद करने का काम करें। जो समझ रहे हैं उन्हें पार्टी की विचारधारा बताएं और जो नहीं समझ रहे हैं उन्हें भी समझाने का काम पार्टी का ही है। ये बात हमें लोगों तक ले जाना है। इसके लिए सिर्फ 1 साल बचा है।