Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 चारामा-धमतरी रोड पर बिछी बर्फ की चादर
0 बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और महासमुंद में पड़ी बौछारें

रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर/राजनांदगांव/ कोरबा। पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बदली और बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को बौछार के साथ झमाझम बारिश हुई। बिलासपुर में मार्च में सावन सी झड़ी लग गई है। शुक्रवार की रात भी यहां अच्छी बारिश हुई। इसी तरह दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा में भी बौछारें पड़ रही हैं।

चारामा-धमतरी रोड में ओले गिरने के बाद रोड पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। राहगीर रुक कर इस पल को कैमरे में कैद करते नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी प्रदेश आ रही है। इसी के कारण राजधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है।  

शुक्रवार की देर शाम और रात में बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, यहां दिन भर बदली छाई हुई थी। फिर शाम होने के बाद शहर के अधिकांश इलाकों में बारिश शुरु हो गई। कोरबा और जांजगीर-चांपा में भी देर रात से बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी। शनिवार की सुबह से शहर में बूंदाबांदी हो रही थी। लोग बारिश का मजा लेते रहे। सुबह 7.30 बजे से शुरू हुई बौछारें रूक-रूककर 11 बजे तक चलती रहीं। इसके चलते मौसम ठंडा हो गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से प्रदेश में मौसम में बदलाव हुआ है।

राजधानी समेत राजनांदगांव-भिलाई में शुरू हुई बौंछारें
शनिवार सुबह से प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही है। राजधानी में सुबह से ही बदली छाई रही। इसके बाद हल्की बारिश होने लगी, जो रुक-रूककर दोपहर तक होती रही। वहीं, राजनांदगांव और भिलाई में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की बौछारें पड़ी।  

बिलासपुर में सात डिग्री कम हुआ तापमान
शहर के भीतर और आसपास रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के बाद तापमान गिर गया है। बिलासपुर में इस सीजन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर पहुंच गया था, लेकिन मौसम में हुए बदलाव के बाद पारा सात डिग्री गिर गया।  

कई जिले में अंधड़ और वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग ने शनिवार को भी यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के कोरिया, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर- चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, राजनांदगांव उसके लगे हुए जिलों मे एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है। वहीं, पेंड्रारोड, कोरबा कबीरधाम, महासमुंद, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर कोंडागांव व उसके लगे हुए जिलों में एक-दो जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

City Hot News - छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में झमाझम बारिश, ओले भी गिरे: चारामा -धमतरी रोड पर बिछी बर्फ की चादर, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा और ...

ओले गिरने के बाद राहगीर सड़क पर रूककर मौसम का मजा लेते और मोबाइल से तस्वीरें कैद करते हुए।