Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मंत्री चौबे ने कहा- इन्हें बताते मैं खुद कन्फ्यूज हो गया
0 विपक्ष बोले- गुमराह कर रहे मंत्री

रायपुर। विधानसभा में सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रधानमंत्री आवास योजना पर जमकर बवाल हुआ। विपक्षी भाजपा के सदस्यों ने आवास की संख्या पर सवाल करते हुए वर्ष 2020 से अब तक के मकान बनाने का लक्ष्य और स्वीकृत घर बनाने की बात पर खूब हंगामा किया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट भाजपा सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। 

विपक्ष के हंगामे के बीच मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा मैं खुद इन्हें बताते हुए कंफ्यूज हो रहा हूं, भाजपा के लोग कभी 16 लाख मकान कहते हैं कभी 38 लाख कहते हैं। इस बात का शिवरतन शर्मा, नारायण चंदेल, पुन्नू लाल मोहले ने विरोध किया। इसके बाद ये कहते हुए वॉकआउट कर दिया कि सरकार गरीबों का मकान छीन रही है, मंत्री सदन को गुमराह कर रहे हैं।

विपक्ष की ओर से शिवरतन शर्मा ने सवाल किया कि पीएम आवास के लिए राज्य सरकार ने कितना राज्यांश दिया। इस पर रविंद्र चौबे ने कहा कि कोरोना काल की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण हम राज्यांश नहीं दे पाए, लेकिन देश का दुर्भाग्य है कि गरीबों के साथ केंद्र सरकार ने अन्याय किया। इस पर शिवरतन शर्मा ने कहा कि आप इस पर राजनीति कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने आपको योजना दी। जवाबदारी आपकी है और आपने पैसा नहीं दिया।

इस पर विपक्षी सदस्य पुन्नू लाल मोहले ने सवाल किया कि टोटल कितने लोगों का आवास वापस हुआ, उतने लोगों को आवास देंगे क्या। इस पर मंत्री चौबे बोले कि हमनें आवास बनाने का प्रावधान किया है। पहले पीएम आवास की योजना में 90% केंद्र देता था 10% राज्य देता था। अब 60-40 का दिया है। गरीबों के हक पर कुठाराघात है। इस पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल बोले कि ये तो पूरे देश की पॉलिसी है।

इस पर मंत्री श्री चौबे ने कहा कि धरमलाल कौशिक ने 13 लाख कहा और शिवरतन शर्मा ने 16 लाख कहा। इस पर भाजपा सदस्य शिवरतन ने कहा कि मैंने 16 लाख नहीं कहा। आपके उत्तर के हिसाब से ही कह रहे हैं। आप के जवाब में ही अलग-अलग आंकड़े आ रहे हैं।

इस पर मंत्री श्री चौबे ने कहा कि मैं खुद इस आंकड़ों में कंफ्यूज हूं अध्यक्ष महोदय, अब 38 लाख तक संख्या कैसे पहुंचा दूं, कहां से निकाल दूं इस बारे में सोच रहा हूं। इस पर पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि जो जवाब दिया है, उसी पर मैं बात कर रहा हूं। आप अपना जवाब देख लीजिए।

इस पर मंत्री के जवाब से अंसतुष्ट भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा सदस्य शिवरतन शर्मा से कहा कि आप विद्वान हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि हम मंत्री के जवाब से असंतुष्ट हैं, हम सदन से वॉकआऊट करते हैं। यह कहते हुए भाजपा के विधायक सदन से बाहर चले गए।