
0 मुख्यमंत्री ने बताया-शासकीय विमान पर 8 करोड़ और हेलीकॉप्टर पर 91 लाख खर्च
रायपुर। राज्य सरकार ने फरवरी 2022 से दिसंबर 2022 के दौरान चार्टर हेलीकॉप्टर पर कुल 61.30 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान बताया कि चार्टर हेलीकॉप्टर के लिए 61.30 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। वहीं, विमान सेवा के लिए 19.57 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। प्रश्नकाल के दौरान विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी के प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी।
विधायक डॉ. बांधी ने छत्तीसगढ़ विमानन विभाग द्वारा फरवरी 2022 से दिसंबर 2022 के दौरान शासकीय विमान और हेलीकॉप्टर और इसी समय में चार्टर हेलीकॉप्टर और विमान सेवा पर खर्च की गई राशि की जानकारी मांगी थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि फरवरी से दिसंबर 2022 के बीच शासकीय विमान पर 8.01 करोड़ खर्च किए गए हैं। इसी दौरान शासकीय हेलीकॉप्टर पर 91.25 लाख खर्च किए गए हैं। वहीं, चार्टर हेलीकॉप्टर पर 61.30 करोड़ और विमान सेवा पर 19.57 करोड़ खर्च किए गए हैं। बांधी ने पूछा कि क्या विमानन विभाग द्वारा पायलट भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को वरीयता देने का प्रावधान है?
मुख्यमंत्री ने बताया कि पायलट भर्ती में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को नियुक्ति में वरीयता देने के लिए साक्षात्कार के लिए निर्धारित 10 अंक में से छत्तीसगढ़ राज्य में किए गए सेवा की समयावधि व छत्तीसगढ़ राज्य के मूल निवासी के आधार पर अधिमान्य अंक निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को अतिरिक्त अंक का प्रावधान नहीं है। बांधी ने पूछा कि वर्तमान में राज्य शासन के पास उपलब्ध शासकीय हेलीकॉप्टर और विमान की संख्या और पायलटों की जानकारी बताएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य शासन के पास एक शासकीय विमान बी-200 उपलब्ध है। एक पायलट (हेलीकॉप्टर) नियोजित है।