
0 पत्थर-अंडे फेंके गए, भाजयुमो जिला अध्यक्ष घायल
0 भाजपा-कांग्रेस दफ्तर में कालिख फेंकी गई
रायपुर। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के बाद शुक्रवार को रायपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ। यहां बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता पहले आपस में भिड़ गए। पहले भाजपा कार्यालय पहुंचकर कांग्रेसी नेताओं ने हंगामा कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के पोस्टर पर कालिख फेंकी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता ने भी कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर कालिख फेंक दी। इसके बाद हंगामा और बढ़ गया। फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपाइयों पर पथराव किया। उन पर अंडे भी फेंके गए। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पत्थर फेंककर जवाब दिया। इस पथराव में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
इधर, पुलिस दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं को संभालने में लगी रही। टर्निंग पॉइंट चौक से विधानसभा जाने वाले मार्ग पर जाम लग गया। पथराव के बाद टर्निंग पॉइंट चौक पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम भी कर दिया। इस वजह से आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।
इसके पहले कांग्रेसी भाजपा कार्यालय के भीतर घुसने का प्रयास करने लगे थे। यह देखकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भड़क गए। भाजपा कार्यकर्ता भी झंडा लेकर सड़क पर आ गया और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता करीब आधे घंटे तक एक दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते रहे और बवाल बढ़ता गया। मौके पर पुलिस भी मौजूद नहीं थी। पास के थाने के 1 -2 कर्मचारी पहुंचे। इसके बाद हंगामा बढ़ता देख एक बस भरकर फोर्स के जवान बुलाए गए।
हालात बिगड़ने के बाद एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त बल की तैनाती की और माहौल को शांत कराने का प्रयास किया। तब कांग्रेस कार्यकर्ता शांत हुए।
कांग्रेस भवन में भी जमकर हंगामा
भाजपा कार्यालय में हुए हंगामे के बाद विवाद बढ़ता देख पुलिस के अतिरिक्त बल की तैनाती कांग्रेस भवन के बाहर भी कर दी गई थी। कांग्रेसी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में राजीव भवन पहुंचने लगे। इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ता भी कांग्रेस भवन के बाहर पहुंच गए। उन्हें पुलिस ने रोकने काफी प्रयास किया। मगर वे नहीं माने और कांग्रेस दफ्तर में कालिख फेंक दी।
एक तरफ से ईंट फेंकी गई, तो दूसरी तरफ से पत्थर। कांग्रेस भवन के भीतर से और बाहर खड़े भाजपा नेताओं के बीच ईंट का जवाब पत्थर से देने का सिलसिला आधे घंटे चलता रहा। सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस कर्मी बचकर भागे, बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को पथराव करने से रोका गया।
देर शाम थाने में हंगामा, अफसर बोले-दोनों पक्षों पर कार्रवाई होगी
दोपहर में हुए इस बवाल के बाद भाजपा के नेता मौदहापारा थाने पहुंचे और कांग्रेस के नेता खम्हारडीह थाना। दोनों पक्ष थाने में अब बवाल करने लगे और एफआईआर की मांग की। पुलिस अफसर जैसे-तैसे नेताओं को समझाने में लगे रहे। इस मसले काे लेकर एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी ने कहा कि दोनों तरफ से पथराव किया गया है। वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी। भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस द्वारा कांग्रेसियों को छूट देने का आरोप लगाया है।