
0 विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद लेंगे बड़ा फैसला
रायपुर। जनता कांग्रेस के विधायक प्रमोद शर्मा अब पार्टी छोडने वाले हैं। वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान जनता कांग्रेस छोडने की बात खुद विधायक शर्मा ने कही। प्रमोद शर्मा ने कहा कि अब जनता कांग्रेस पार्टी छोड़ने का मन है, विधानसभा का सत्र समाप्त होते ही पार्टी से इस्तीफा दें दूंगा। किस पार्टी में जाएंगे पूछे जाने पर कह दिया देखते हैं। चर्चा है कि भाजपा की ओर शर्मा का झुकाव है।
प्रमोद कुमार शर्मा बलौदाबाजार सीट से विधायक हैं। 2018 में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसी) से चुनाव लड़ा था। विधानसभा में कुछ अफसरों से शर्मा ने इस्तीफे के नियमों को लेकर चर्चा की। काफी देर तक दिमाग लगाने के बाद उन्होंने इस्तीफे की बात साफ कह दी।
पार्टी चीफ अमित जोगी से नहीं बन रही
जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सीएम अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी हैं। अमित के साथ प्रमोद शर्मा की लड़ाई 10 महीने पहले खुलकर सामने आई। तब पार्टी विरोधी होने की बात कहकर जनता कांग्रेस के एक और विधायक धर्मजीत सिंह को निकाल दिया गया था। तब प्रमोद शर्मा ने कहा था कि पार्टी मुझे भी निकालना चाहती है तो निकाल दे। मैं पूरी तरीके से धर्मजीत सिंह के साथ में हूं। अमित जोगी जी जो बाथरूम में बैठकर इस प्रकार का फैसला ले रहे हैं, वह गलत है।