Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 साय ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया

0 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री को लेकर अनिश्चितता की स्थिति रविवार को खत्म हो गई। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी गई है। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री व कुनकुरी से विधायक विष्णुदेव साय होंगे। रायपुर के भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद श्री साय ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें कैबिनेट गठन के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों के मुताबिक 13 दिसंबर को विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन साइंस कॉलेज मैदान में होगा। इसमें पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्‌डा और कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित अन्य राष्ट्रीय नेता आ सकते हैं।

मुख्यमंत्री चुनने के लिए तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल और दुष्यंत कुमार गौतम विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। यहां प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन की मौजूदगी में पर्यवेक्षकों की बैठक ली गई, जिसमें विष्णुदेव साय के नाम पर सभी ने मुहर लगाई। 

सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष हो सकते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में 2 डिप्टी सीएम हो सकते हैं। इनमें अरुण साव और विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। दोनों ही नेता पहली बार ही विधायक बने हैं। विजय शर्मा जहां पहली बार चुनाव जीतकर निर्वाचित हुए हैं, वहीं अरुण साव सांसद रह चुके हैं।

विष्णुदेव साय कुनकुरी से विधायक और बड़े आदिवासी नेता हैं। वे 2 बार छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। चुनावी रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि इन्हें जिताइए, मैं इनको बड़ा आदमी बना दूंगा।

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। वहीं 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) एक सीट जीतने में कामयाब रही।

रमन सिंह ने साय का नाम किया प्रस्तावित
इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। इसमें पूर्व सीएम रमन सिंह ने विष्णुदेव साय का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया। इस प्रस्ताव का प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने समर्थन किया। इसके बाद उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

5 साल तक सत्‍ता में रही कांग्रेस ने सरकारी खजाना खोखला कर दिया हैः साय
छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री चुने जाने के बाद विष्‍णुदेव साय की पहली प्रतिक्रिया आई है। श्री साय ने सरकारी खजाने की स्थिति, किसान और आवास को लेकर बड़ा बयान दिया है। श्री साय ने कहा कि सबसे पहले मैं बीजेपी को धन्यवाद देता हूं। मैं मोदी की गारंटी को पूरा करने का शत प्रतिशत काम करूंगा। 5 साल तक सत्‍ता में रही कांग्रेस ने सरकारी खजाने को पूरी तरह खोखला कर दिया है। इसके बावजूद भाजपा अपना हर वादा और मोदी की हर गारंटी को पूरी करेगी। उन्‍होंने कहा कि वादे के अनुसार 25 दिसंबर को राज्‍य के किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया जाएगा। इसके साथ ही 18 लाख गरीबों को आवास भी दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि हम अपना हर वादा पूरा करेंगे।

सीएम चुने जाने के बाद साय की 2 बड़ी घोषणाएं  
0 आवास योजना के तहत 18 लाख आवास बनाने का सबसे पहले करूंगा।
0 25 दिसंबर को ही सबसे पहले किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया जाएगा।

भाजपा ने आदिवासियों को सम्मानित कियाः साय
छत्तीसगढ़ का मुख्‍यमंत्री चुने जाने के बाद विष्णुदेव साय ने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि मैं प्रयास करूंगा कि जो जिम्मेदारी मुझे संगठन ने दी है, उस पर शत प्रतिशत खरा उतरूं। पार्टी में कई वरिष्ठ लोग हैं। सबके मार्गदर्शन से मोदी की गारंटी को पूरा करेंगे। वहीं डिप्टी सीएम बनाए जाने वाली चर्चाओं पर कहा कि यह राष्ट्रीय नेतृत्व का मामला है, उनसे बाद में चर्चा होगी। शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन होने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से संपर्क कर रहे हैं, जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह हो जाएगा।

साय ने शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
रविवार को शहीद वीरनारायण सिंह का शहादत दिवस मनाया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पहुंचकर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों को हमेशा सम्मान दिया है। आदिवासियों को सम्मानित करने का काम भाजपा ने किया है। एक आदिवासी देश की सर्वोच्च पद हैं, एक आदिवासी को आज मुख्यमंत्री बनाया गया। आज आदिवासी बलिदानी दिवस है। मैं शहीद वीरनारायण सिंह की शहादत दिवस पर उन्हें शत-शत नमन करता हूं। 

किसने क्या कहा
छत्तीसगढ़ विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगाः डॉ. रमन 
आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (पूर्व ट्वीटर) पर लिखा- ‘कुनकुरी विधायक व आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को आज विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा का दायित्व प्राप्त होने पर अशेष शुभकामनाएं। रमन सिंह ने आगे लिखा कि ‘मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में हम सभी पूर्ण निष्ठा से भाजपा के संकल्प पत्र (मोदी की गारंटी) के वादों को पूरा करते हुए प्रदेश में प्रगतिशील परिवर्तन लाने में सफल होंगे तथा भाजपा के डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ दोगुनी रफ़्तार से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। 

अनुभवी कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया हैः माथुर
बीजेपी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि अनुभवी कार्यकर्ता, अटल जी के कार्यकाल में मंत्री रहे कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया गया है इससे अच्छा और क्या हो सकता है।

छत्तीसगढ़ की न्याय और प्रगति यात्रा को आगे बढ़ाएंः पूर्व सीएम बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विष्णु देव साय जी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई। नवा छत्तीसगढ़ की न्याय और प्रगति यात्रा को आप मुख्यमंत्री के रूप में आगे बढ़ाएं, ऐसी कामना करता हूं।

साय छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कार्य करेंगेः सिंहदेव
विष्णुदेव साय को नए मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव ने उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। अब वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे। हम उम्मीद करेंगे कि सरगुजा के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए वे कार्य करेंगे और विकास की दृष्टि से जो क्षेत्र पीछे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता देंगे।

मेरे बेटे को छत्तीसगढ़ की सेवा करने का सौभाग्य मिला हैः साय की मां
विष्णुदेव साय की मां जसमनी देवी ने कहा कि आज मेरे बेटे को छत्तीसगढ़ की सेवा करने का सौभाग्य मिला है, इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि बेटा सीएम बन गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री बनने से गौरव हो रहा है।

सरपंच से मुख्यमंत्री तक का सफर
0 जन्म – 21 फरवरी 1964 , बगिया ग्राम, कुनकुरी तहसील (जशपुर)।
0 विष्णु देव साय के राजनीतिक करियर की शुरुआत तब हुई जब वे ग्राम बगिया में निर्विरोध सरपंच चुने गए।
0 1990-98: सदस्य, मध्यप्रदेश विधानसभा (दो कार्यकाल) तपकरा विधानसभा से विधायक रहे।
0 1999: 13वीं लोकसभा के लिए चुने गए रायगढ़ लोकसभा।
0 1999-2000: सदस्य, सदन की बैठकों से सदस्यों की अनुपस्थिति संबंधी समिति और सदस्य, खाद्य, नागरिक आपूर्ति और सार्वजनिक वितरण समिति।
0 2000-2004: सदस्य, सलाहकार समिति, कृषि मंत्रालय भारत सरकार।
0 2004: 14वीं लोकसभा के लिए पुनः निर्वाचित (दूसरा कार्यकाल), सूचना प्रौद्योगिकी समिति के सदस्य। 
0 5 अगस्त 2007: सदस्य, जल संसाधन समिति। 
0 2009: 15वीं लोकसभा के लिए पुनः निर्वाचित (तीसरा कार्यकाल)। 
0 31 अगस्त 2009: सदस्य, वाणिज्य समिति। 
0 2014: 16वीं लोकसभा के लिए फिर से निर्वाचित (चौथा कार्यकाल)। 
0 9 नवंबर 2014: केंद्रीय खान, इस्पात राज्य मंत्री। 
0 5 जुलाई 2016 : केंद्रीय राज्य मंत्री, इस्पात मंत्रालय। 
0 जून 2020 से अगस्त 2022 – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष।
0 दिसम्बर 2023 छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री।

परिवार से मिला राजनीतिक अनुभव
साय खुद किसान परिवार से थे, लेकिन उनके बड़े पिताजी स्व. नरहरि प्रसाद साय और दादा स्व. बुधनाथ साय जनसंघ के समय से ही राजनीति में रहे। नरहरि प्रसाद तपकरा से विधायक थे, फिर लैलूंगा से विधायक और बाद में सांसद चुने गए। केंद्र में संचार राज्यमंत्री बने। वहीं दादा भी 1947-1952 तक विधायक रहे।

tranding
tranding
tranding