Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कांग्रेस का डीएनए : मोदी
0 पीएम ने कहा-हमारी प्राथमिकता गरीब, युवा, महिला और किसानों का कल्याण
0 हमारा 10 साल का ट्रैक रिकार्ड, उसे करने में कोई कमी नहीं छोड़ते

सक्ती। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज जांजगीर-चांपा के अंतर्गत सक्ती जिले के कॉलेज ग्राउंड जेठा बाराद्वार में विजय संकल्प शंखनाद महारैली को सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में जय जोहार से की। उन्होंने कहा कि कोसा-कांसा और कंचन की धरती में आज एक अलग ही उत्साह नजर आ रहा है। कुछ महीने पहले लोकसभा चुनाव में मैं आप सभी से आशीर्वाद मांगने आया था, आज फिर तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 10 साल तक आपने मुझे देखा है, मैं आपके लिए दौड़ रहा, आपके लिए जाग रहा, इन 10 साल में मैंने एक भी छुट्टी नहीं ली है। सोशल मीडिया में लोग कहते हैं कि मोदी जी कितना काम करते हैं, दिन रात दौड़ते-भागते रहते हैं, इन कामों के बदले मैं आपसे फिर आशीर्वाद मांगने आया हूं। मैं निश्चिंत हूं क्योंकि आप लोग बहुत दिलदार हैं। बहुत आशीर्वाद देने वाले लोग हैं| मैंने जब भी आपसे आशीर्वाद मांगा तो आपने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि आगामी 26 अप्रैल को मोदी के लिए एक घंटे निकालकर वोट करना है। आपको जांजगीर-चांपा लोकसभा से प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगडे और रायगढ़ लोकसभा प्रत्याशी श्री राधेश्याम राठिया को मेरी मदद से लिए दिल्ली भेजना है। उन्होंने कहा कि मुझे मां चंद्रहासिनी, अष्टभुजी मैय्या, गिरौदपुरी धाम, दामाखेड़ा की कृपा और आप सभी जनता के आशीर्वाद पर पूरा भरोसा है।

रामनामी समुदाय अपनी भक्ति, समर्पण और प्रभु के प्रेम भजन के लिए जाना जाता है

प्रधानमंत्री ने रामनामी समाज के योगदानों को याद करते हुए कहा कि रामनामी समुदाय अपनी भक्ति, समर्पण और प्रभु के प्रेम भजन के लिए जाना जाता है। कहते हैं कि रामनामी समुदाय के पूर्वजों ने डेढ़ सौै साल पहले ही बता दिया था कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कब होगी। यह सौभाग्य हमें मिला। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के लोग हम पर तंज करते थे। हर चुनाव में हमें पूछा जाता था, मंदिर कब बनेगा, गली-मोहल्लों में कांग्रेस कहा करते थे, मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे। आज देखिए भव्य मंदिर भी बना, तारीख भी बताई और न्योता भी दिया, लेकिन कांग्रेस ने न्योता ठुकराकर हमारी आस्था का मजाक बनाया।

हमारी प्राथमिकता गरीब, युवा, महिला और किसानों का कल्याण है

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कांग्रेस के डीएनए में है। हमारी प्राथमिकता गरीब, युवा, महिला और किसानों का कल्याण है। कांग्रेस ने 60 साल तक गरीबी हटाओ का नारा दिया और अपने नेताओं के जेब भरते रहे, झूठा वादा किया, लेकिन मोदी ने झूठा सपना नहीं दिखाया बल्कि गरीबी में जी रहे 25 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला। हमारी नीयत सही थी, इसलिए नतीजे भी सही मिले। हमारा 10 साल का ट्रैक रिकार्ड है, हम जो कहते हैं उसे करने में कोई कमी नहीं छोड़ते।

विष्णु देव साय की सरकार ने किसानों की समस्या दूर कर दी है

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ का किसान पानी होने के बावजूद भी धान ज्यादा नहीं उगाता था, क्योंकि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती फसल को बेचना और कम मूल्य की थी, लेकिन आज हमारे विष्णु देव साय की सरकार ने यह समस्या दूर कर दी है। 45 हजार करोड़ रूपए बहुत कम समय में ही किसानों को मिल चुके हैं। 7 हजार करोड़ रूपए किसान सम्मान निधि के किसानों को मिल चुके हैं। मेरा वादा है कि यह रकम ऐसे ही आते रहेगा।

देश में 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गारंटी है

हम खेती-किसानी में ड्रोन तकनीक के जरिए माताओं-बहनों की साझेदारी भी सुनिश्चित करेंगे, इसके लिए हम ड्रोन दीदी योजना पर काम कर रहे हैं। हमारी 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गारंटी है। मोदी की गारंटी है कि मुफ्त राशन देने वाली योजना आने वाले 5 साल तक चलती रहेगी। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रूपए तक मुफ्त स्वास्थ्य सहायता की गारंटी मिलती रहेगी। मैं आपसे कहता हूं कि यदि आपके परिवार में कोई बीमार हो जाए तो उसका अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं, पैसा आपका बेटा देगा।

2014 से पहले कांग्रेस सरकार एक परिवार से रिमोट से चलता था

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार एक परिवार से रिमोट से चलता था। इसके बाद आपने मोदी को आशीर्वाद देकर प्रधानमंत्री बनाया। कांग्रेस के लोग आदिवासियों की देश की सत्ता में भागीदारी को नकारते हैं, उसका विरोध किया। इतने सालो तक कांग्रेस की सत्ता रही, मगर कांग्रेस एक आदिवासी राष्ट्रपति नहीं दे पाई। जब हमने बनाया तो उन्होंने इसका खुला विरोध किया। कांग्रेस ने पास ना देश के लिए कोई विजन है, ना ही कोई कल्याण की सोच है।

मैं आप सभी से पूछता हूं कि क्या गरीब माँ का बेटा डॉक्टर, इंजीनियर नहीं बन सकता ? कांग्रेस यह नहीं चाहती थी लेकिन हमने यह सम्भव किया। गरीब सेवा के मेरे प्रयासों पर कांग्रेस वाले कहते हैं- मोदी का सिर फोड़ देंगे, लेकिन मैं बता देता हूं कि मोदी का सुरक्षा कवच मोदी की माताएं-बहनें हैं। यहां कांग्रेस के नेता कहते हैं- मोदी मर जाएं, लेकिन जहां 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद है वहां पर मौत को भी इंतेजार करना पड़ता है। इनकी ये बौखलाहट चुनाव की हार है, आपके वोट की ताकत का डर है। उन्होंने कहा, इंडी गठबंधन को दिया आपका वोट केंद्र में सरकार नहीं बना सकता लेकिन भाजपा को दिया वोट विकसित भारत बना सकता है।

कांग्रेस संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त कर देने का झूठ फैला रही है : मुख्यमंत्री साय
 
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लगातार लगाव बना हुआ है। पिछले विधानसभा के चुनाव में मोदी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन ने विश्वास करते हुए छत्तीसगढ़ में भाजपा को जिताया और भाजपा की सरकार बनाई है। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हैं। लोकसभा का यह चुनाव महत्वपूर्ण है। श्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए हमें शत-प्रतिशत मतदान करना है। कांग्रेस हार रही है, इसलिए बौखलाकर झूठ बोलकर भ्रम फैला रही है। जिस कांग्रेस ने अपने पूरे कार्यकाल में संविधान से छेड़छाड़ की, 80 बार उसमें संशोधन किया, वह कांग्रेस आज संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त कर देने का झूठ फैला रही है। कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार पर हमला बोलते हुए श्री साय ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, अत्याचार-भ्रष्टाचार, अनाचार-दुराचार का आतंकराज चल रहा था। प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए श्री साय ने कहा कि तीन महीनों की अल्पावधि में मोदी की गारंटी को पूरा करने में उनकी सरकार लगातार कार्य कर रही है। सरकार बनने के बाद पहला काम प्रधानमंत्री आवास योजना, जिसे कांग्रेस की सरकार ने रोक रखा था, उसकी स्वीकृति पहली कैबिनेट बैठक में दे दी गई। 2 वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान 25 दिसंबर को कर दिया गया। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की शुरुआत भाजपा ने की और रिकॉर्ड खरीदी की। इस वर्ष 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया और अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान 12 मार्च को 24.72 लाख किसानों के खातों में भेज दिया गया है। छत्तीसगढ़ की 70 लाख से अधिक विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रतिमाह देने की शुरुआत भी 10 मार्च को कर दी गई है। रामलला दर्शन योजना का वादा भी पूरा कर दिया गया है। पीएससी घोटाला की जाँच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया है। तेंदूपत्ता की खरीदी 5,500 रु. प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी करने की घोषणा हमने कर दी है। शेष वादों को भी हम जल्द से जल्द पूरा करेंगे। हमारी सरकार साँय-साँय काम कर रही है, वादे पूरा कर रही है और वहीं कांग्रेसी आँय-बाँय बोल रहे हैं। अब उस कांग्रेस का को बाय-बाय करना है। श्री साय ने आह्वान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की रायगढ़ और जांजगीर-चाँपा में कमल खिलाना है और श्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
 
महारैली में ये नेता मौजूद रहे
सभा को प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक द्वय गुरु खुशवंत साहेब व अनुज शर्मा, भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े (जांजगीर-चाँपा) ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा, रायगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया, विधायक राजेश मूणत, सांसद गुहाराम अजगले, लोकसभा प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक गोमती साय,  पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, सतनामी समाज के गुरु बालदास साहेब, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, निर्मल सिन्हा, विधायक सौरभ सिंह, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य ‍श्रीमती संयोगिता जूदेव, संभाग प्रभारी अनुराग सिंहदेव, जिला अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा, पूर्व कृषि मंत्री मेघाराम साहू ,पूर्व विधायक खिलावन साहू, रामनामी समाज के अध्यक्ष आचार्य मेहतर राम रामनानी, दिनेशलाल जांगडे, रामनामी समाज की अध्यक्ष माता सतबाई रामनामी, संतोष लहरे, लोकसभा सह प्रभारी गुरुपाल सिंह भल्ला, लालधर सुल्तानिया, जिला प्रभारी गिरधर गुप्ता, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक चैतराम देवांगन, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक केशव चंद्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी प्रशांतसिंग ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गुलाब सिंग चंदेल, महेश साहू, पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े, धनीराम धीवर, जिला अध्यक्ष सनम जांगड़े, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी राजवाड़े, जिलाध्यक्ष सुभाष जलान, जिला सचिव श्रीमती ‍श्यामा बाई  साहू, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, एसटी मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्रीमती विद्या सिदार और श्री मोदी की सभा के ठीक एक दिन पहले अपने 50 समर्थकों सहित कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल पूर्व विधायक सरोजा मनहरण राठौर व प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनहरण राठौर सहित काफी संख्या में भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित विशाल जनसमूह उपस्थित था।

tranding
tranding
tranding