
0 कुल 543 में से 282 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के अंतिम आंकड़े जारी कर दिए हैं। 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 93 सीटों में 65.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। तीसरा चरण समाप्त होने के साथ ही 20 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों और 543 में से 282 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है।
चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक असम में सबसे अधिक 85.45 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि सबसे कम उत्तरप्रदेश में 57.55 फीसदी वोटिंग हुई। इसके अलावा बिहार में 59.14%, छत्तीसगढ़ में 71.98%, दादर एवं दमन-दीव में 71.31%, गोवा में 76.06%, गुजरात में 60.13%, कर्नाटक में 71.82%, मध्यप्रदेश में 66.74%, महाराष्ट्र में 63.55% व प. बंगाल में 77.53% मतदान हुआ।
तीसरे चरण में 8.39 करोड़ महिलाओं सहित 17.24 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र थे और 18.5 लाख कर्मचारियों द्वारा संचालित 1.85 लाख मतदान केंद्र बनाए गए थे। तीसरा चरण समाप्त होने के साथ ही 20 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों और 543 में से 282 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। पहले और दूसरे चरण में कुल वोटर टर्नआउट क्रमशः 66.14 प्रतिशत और 66.71 प्रतिशत रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जहां 25 सीटों पर चुनाव हुए। तीसरे चरण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (गांधीनगर) समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), मनसुख मंडाविया (पोरबंदर), परषोत्तम रूपाला (राजकोट), प्रल्हाद जोशी (धारवाड़) और एसपी सिंह बघेल (आगरा) की सीटों पर वोट डाले गए। भाजपा ने पिछले चुनाव में गुजरात, कर्नाटक और मध्य प्रदेश सहित तीसरे चरण की अधिकतर सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। बीजेपी और इंडिया ब्लॉक दोनों ने दावा किया कि तीसरे चरण के बाद उनका पलड़ा भारी है।


