Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 केंद्रीय राज्य मंत्री बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचे साहू
0 भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया

बिलासपुर। केंद्रीय राज्य मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने लोकसभा क्षेत्र बिलासपुर पहुंचे तोखन साहू का भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काफी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। वे सोमवार दोपहर रायपुर से ट्रेन द्वारा बिलासपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रिमंडल में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बिलासपुर लोकसभा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

कैबिनेट मंत्री की बजाय राज्य मंत्री बनाए जाने के सवाल पर साहू ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में स्थान मिलना ही गौरवपूर्ण है, चाहे वह राज्य मंत्री का पद ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि ना केवल बिलासपुर बल्कि पूरे प्रदेश का तेजी से विकास होगा। डबल इंजन की सरकार पूरे जोश और मन से काम करेगी।

अब से सही समय पर चलेंगी ट्रेनें
वहीं ट्रेन के सही समय पर पहुंचने के बारे में पूछे जाने पर साहू ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के तहत ट्रेनें अब इसी रफ्तार से चलेंगी। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साहू का भव्य स्वागत किया और उनके आगमन को लेकर काफी उत्साह देखा गया।

कांग्रेस सरकार और मोदी सरकार के आंकड़ों की तुलना की जानी चाहिए
केंद्र सरकार में छत्तीसगढ़ कोटे से इकलौते मंत्री बनाए गए तोखन साहू ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर कहा है कि कांग्रेस सरकार और मोदी सरकार के आंकड़ों की तुलना की जानी चाहिए। तब महंगाई दर कितनी थी और आज कितनी है? जनता के बीच यह आंकड़ा रखा जाना चाहिए। विपक्ष आम जनता को भ्रमित करने के लिए महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को हवा देती है। छत्तीसगढ़ में ट्रेनों के रद्द होने और लेटलतीफी के बढ़ते आंकड़ों पर सफाई देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि रेलवे का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। नए प्रोजेक्ट लाए जा रहे हैं। लाइन का दोहरीकरण चल रहा है। इस पर समय लगता है। जल्द ही इस समस्या को खत्म कर लिया जाएगा।