Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 संसद सत्र के चौथे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण हुआ

0 राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित किया

नई दिल्ली (ए)। 18वीं लोकसभा के पहले संसद सत्र के चौथे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण हुआ। 50 मिनट के भाषण में राष्ट्रपति ने हर मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा- पेपर लीक करने वालों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने सेना को आत्मनिर्भर बनाने की तैयारियां भी बताईं। नॉर्थ-ईस्ट में शांति के लिए सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बदलती वैश्विक व्यवस्था के कालखंड में भारत के मानव केन्द्रित विकास के विज़न को दुनिया के लिए नया भरोसा करार दिया और कहा है कि भारत आपदाओं में मानवता की रक्षा के साथ साथ एशिया से लेकर यूरोप तक कनेक्टिविटी के विस्तार को बल देकर 21वीं सदी के परिदृश्य को बदलने की दिशा में काम कर रहा है।

राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि 21 वीं सदी के इस तीसरे दशक में आज वैश्विक व्यवस्था एक नई शक्ल ले रही है। मेरी सरकार के प्रयासों से आज भारत, विश्व बंधु के रूप में दुनिया को नया भरोसा दे रहा है। मानव-केंद्रित दृष्टिकोण रखने की वजह से भारत आज किसी भी संकट के समय पहले कार्रवाई करने वाला और ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बना है। कोरोना का महासंकट हो, भूकंप जैसी कोई त्रासदी हो या फिर युद्ध की स्थितियां, भारत मानवता को बचाने में आगे रहा है। 

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत को देखने का विश्व का नज़रिया कैसे बदला है, ये इटली में हुई जी-7 शिखर सम्मेलन में भी हम सभी ने अनुभव किया है। भारत ने अपनी जी-20 अध्यक्षता के दौरान भी विश्व को अनेक मुद्दों पर एकजुट किया। भारत की अध्यक्षता के दौरान ही अफ्रीकी संघ को जी-20 का स्थाई सदस्य बनाया गया है। इससे अफ्रीका महाद्वीप के साथ-साथ पूरे ग्लोबल साउथ का भरोसा मज़बूत हुआ है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पड़ोसी प्रथम की नीति पर चलते हुए, भारत ने पड़ोसी देशों के साथ अपने रिश्तों को मज़बूत किया है। सात पड़ोसी देशों के नेताओं का 9 जून को केन्द्रीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेना सरकार की इस प्राथमिकता को दर्शाता है।” उन्होंने कहा, “भारत, सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ, हिन्द प्रशांत क्षेत्र के देशों के साथ भी सहयोग बढ़ा रहा है। पूर्वी एशिया हो या फिर पश्चिमी एशिया और यूरोप, मेरी सरकार कनेक्टिविटी पर बहुत बल दे रही है। भारत के विजन ने ही भारत मध्य-पूर्व यूरोप आर्थिक कॉरिडोर को आकार देना शुरू किया है। यह कॉरिडोर, 21वीं सदी के सबसे बड़े गेमचेंजर्स (परिदृश्य बदलने वाले) में से एक सिद्ध होगा। 

हर सेक्टर में भारत लीडर बन रहा
राष्ट्रपति ने कहा- सरकार सर्विस सेक्टर को मजबूत करने में जुटी है। आज हर सेक्टर में भारत लीडर बन रहा है। इससे रोजगार के नए मौके बन रहे हैं। पिछले दस साल में मेरी सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए काम किया है। छोटे किसानों की बड़ी समस्या भंडारण से जुड़ी होती है। मेरी सरकार दुनिया की सबसे बड़ी भंडारण योजना पर काम कर रही है। किसानों को 3 लाख 20 हजार करेाड़ की सम्मान निधि दे चुकी है। सरकार ने खरीफ फसलों के लिए एमएसपी में रिकॉर्ड वृद्धि की है।

मेरी सरकार देश को दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनाने में लगी है
राष्ट्रपति बोलीं- मेरी सरकार का मत है कि दुनिया में निवेशकों को आकर्षित करने स्वस्थ्य स्पर्धा हो। सदस्यगण रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के संकल्प ने भारत को सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना दिया है। बीते सालों में हमने 100 साल की सबसे बड़ी आपातकालीन दशा देखी है। आज भारत अकेले ही दुनिया की ग्रोथ में 15 प्रतिशत का योगदान दे रही है। मेरी सरकार देश को दुनिया की तीसरी इकोनॉमी बनाने में लगी है।

भारत के लोगों ने स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई
राष्ट्रपति ने कहा- दुनिया देख रही है कि भारत के लोगों ने स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई है। छह दशक बाद ऐसा हुआ है। ऐसे समय में भारत के लोगों की आकांक्षाएं सर्वोच्च हैं। लोगों ने मेरी सरकार पर तीसरी बार भरोसा जताया है। लोगो को भरोसा है कि उनकी आकांक्षाए केवल मेरी सरकार ही पूरा कर सकती है।

बजट में बड़े आर्थिक और सामजिक कदम देखने मिलेंगे
राष्ट्रपति ने कहा- मेरी सरकार ने 10 साल से सेवा और सुशासन का जो बीड़ा उठाया है ये उस पर मुहर है। सदस्य गण 18वीं लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक है।आगामी सत्र में मेरी सरकार बजट पेश करने वाली है। इस बजट में बड़े आर्थिक और सामजिक कदम देखने मिलेंगे।

सरकार प्राकृतिक खेती और सप्लाई चेन को सुदृढ़ कर रही
आजकल दुनिया में ऑर्गेनिक उत्पादों की मांग बढ़ रही है। इसलिए सरकार प्राकृतिक खेती और सप्लाई चेन को सुदृढ़ कर रही है। आज का भारत दुनिया को चुनौती देने नहीं, बल्कि समाधान देने के लिए जाना जाता है। हम अनेक समाधान दे रहे हैं। हमारे मोटे अनाज की पहुंच दुनिया में हो इसके लिए अभियान चल रहा है।

आने वालो समय ग्रीन एरा
राष्ट्रपति ने कहा कि हाल ही में पूरी दुनिया ने योग दिवस मनाया है। योग और आयुष को बढ़ावा देकर भारत एक स्वस्थ्य वातावरण प्रदान कर रहा है। आज भारत के प्रयास दूसरे देशों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। आने वालो समय ग्रीन एरा है। मेरी सरकार इसके लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। ग्रीन एनर्जी या ग्रीन मोबेलिटी, हर सेक्टर में काम जारी है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट दुनिया में बेहतरीन हो, इस पर काम चल रहा 
राष्ट्रपति ने कहा कि अप्रैल 2014 में भारत में 209 एयरलाइन बोर्ड थे। 2024 में इनकी संख्या 605 हो गई है। वंदे मेट्रो पर काम चल रहा है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट दुनिया में बेहतरीन हो इस पर काम चल रहा है। ताकि भारत विकसित देशों के सामने खड़ा हो सके।

नेशनल हाइवे बनाने की गति दोगुनी हुई
राष्ट्रपति ने कहा- 3 लाख 80 हजार किमी से ज्यादा सड़के बनाई हैं। नेशनल हाईवे बनाने की गति दोगुनी हुई है। मेरी सरकार में पहली बार इतने व्यापक रूप से काम हो रहा है।नॉर्थ ईस्ट में हर तरह की कनेक्टिविटी को बढ़ाया जा रहा है। असम में 27 हजार करोड़ की लागत से सेमी कंडक्टर प्लान बनाया जा रहा है। स्थायी शांति के लिए काम कर रही है।

3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने अभियान चलाया
राष्ट्रपति ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की नई शुरुआत की। नारी शक्ति वंदन अधिनियम की ताकत है। एक दशक में आर्थिक सामर्थ्य बढ़ा है। मेरी सरकार ने 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने अभियान चलाया। इसके लिए सेल्फ हेल्प ग्रुप की मदद ली जा रही है। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत सेल्फ हेल्प ग्रुप को ड्रोन दिए जा रहे हैं।

पीएम सूर्य घर योजना में एक करोड़ परिवार रजिस्टर्ड
30 हजार महिलाओं को कृषि सखी बनाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे किसानों की मदद कर सकें। मेरी सरकार का ये प्रयास है कि वे अधिक से अधिक बचत कर सकें। बैंक में ज्यादा ब्याज देने वाली सुकन्या समृद्धि योजना से उन्हें बहुत लाभ हो रहा है।पीएम सूर्य घर योजना में कम समय में एक करोड़ परिवार रजिस्टर्ड हैं। मेरी सरकार की योजनाओं में प्राथमिकता किसानों, महिलाओं और गरीबों को दी जा रही है।

सरकार ने निचले तबके को विश्वास दिलाया
राष्ट्रपति कहा कि बाबा साहब का मानना था कि किसी भी समाज की तरक्की निचले तबके की तरक्की पर निर्भर है। मेरी सरकार ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि उनके लिए काम किया जा रहा है। कोरोना के कठिन समय में गरीब को मुफ्त राशन देने योजना शुरू की। इसका लाभ उन्हें अभी भी मिल रहा है।

देश में 25 हजार जन औषधि सेंटर खोले जा रहे
पहली बार देश में करोड़ों गरीबों के लिए शौचालय बनाए गए हैं। देश में 25 हजार जन औषधि सेंटर खोलने का काम चल रहा है। 70 से ज्यादा उम्र के लोगों को भी आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा। 

दो डिफेंस कॉरिडोर बन रहे
आज भारत एक लाख करोड़ से ज्यादा की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कर रहा है। फिलीपींस के साथ ब्रह्मोस का सौदा, डिफेंस सेक्टर में भारत की मजबूत पकड़ का नतीजा है। डिफेंस में आत्मनिर्भर होने के लिए मेरी सरकार यूपी और तमिलनाडु में दो डिफेंस कॉरिडोर विकसित कर रही है। हमारी सेनाओं ने हथियार और उपकरण भारतीय कंपनियों से ही खरीदने का निर्णय लिया है। सैनिकों का भी ध्यान रखा जा रहा है। इसलिए 4 दशक बाद वन रैंक वन पेंशन योजना लागू हुई।

ग्रुप डी और सी से इंटरव्यू खत्म किया 
मेरी सरकार देश के हर युवा को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का वातावरण दे रही है। ग्रुप डी और सी से इंटरव्यू खत्म किया है। युवाओं को भारतीय भाषाओं में इंजीनियरिंग की पढ़ाई का विकल्प दिया है।

पेपर लीक करने वालों को कड़ी सजा दिलाएंगे
हाल ही में कुछ परीक्षाओं में हुई पेपर लीक की जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए मेरी सरकार प्रतिबद्ध है। पहले भी कई राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, इसके लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है। संसद ने भी इसके लिए कानून बनाया है। सरकार एक डिजीटल यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में काम कर रही है। इन्हीं प्रयासों से भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप सेक्टर बन चुका है। 

बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती की धूमधाम से मनाई जाएगी
मेरी सरकार विकास के साथ विरासत पर भी काम कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा। रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती को भी धूमधाम से मनाएगा। एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत तमिल संघम जैसी परंपरा भी हमारी सरकार ने शुरू की है।

ओम बिरला और चुनाव आयोग को बधाई दी
राष्ट्रपति ने कहा कि मैं ओम बिरला को भी शुभकामनाएं देती हूं। उनके पास बहुत व्यापक अनुभव हैं। वे लोकतांत्रिक परंपराओं काे नई ऊंचाई देंगे। मैं चुनाव आयोग को भी बधाई देती हूं। ये दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। जिसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सबसे अच्छी तस्वीर कश्मीर से आई। जहां लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

 

tranding
tranding
tranding