
0 गोल्डमैन सैक्स ने जारी किया नया अनुमान
0 अभी रिकॉर्ड हाई पर चल रहा
नई दिल्ली। अमेरिकी-चीन के बीच बढ़ते ट्रेड वॉर और मंदी की आशंकाओं के कारण इस साल सोना इंटरनेशनल मार्केट में 4,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। इंटरनेशनल रेट के हिसाब से कैलकुलेट करें तो भारत में 10 ग्राम सोने के दाम 1.30 लाख रुपए तक जा सकते हैं।
विदेशी इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स ने ये अनुमान जारी किया है। हालांकि ऐसा तभी होगा जब ट्रेड वॉर और मंदी का रिस्क बहुत ज्यादा बढ़ जाए। अगर ट्रेड वॉर और मंदी का रिस्क एक्स्ट्रीम लेवल पर नहीं पहुंचता है, तब भी सोना 3,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।
गोल्डमैन ने सोने को लेकर तीन अनुमान जारी किए
पहला अनुमान: फरवरी 2025 में जारी किए गए अनुमान में गोल्डमैन ने सोने के 3,100 डॉलर प्रति औंस तक जाने की संभावना जताई थी।
दूसरा अनुमान: मार्च 2025 में जारी किए गए अनुमान में गोल्डमैन ने सोने के 3,300 डॉलर प्रति औंस तक जाने की संभावना जताई थी।
तीसरा अनुमान: अप्रैल 2025 में जारी किए गए अनुमान में गोल्डमैन ने सोने के 3,700 डॉलर प्रति औंस तक जाने की संभावना जताई है।
अभी 93,353 रुपए के रिकॉर्ड हाई पर सोना
सोना अभी अपने रिकॉर्ड हाई पर है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹93,353 पर पहुंच गया है। इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से 17,191 रुपए यानी 22.57% बढ़कर 93,353 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा है।