Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट- 49.6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर
वाशिंगटन/नई दिल्ली। भारत ने दुनिया में सबसे तेजी से गरीबी खत्म करने का रिकॉर्ड बनाया है। वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, साल 2011 से 2023 के बीच देश में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।
इस दौरान भारत में अत्यधिक गरीबी दर 27.1% से घटकर सिर्फ 2.6% रह गई है। विश्व बैंक का कहना है कि भारत ने दुनिया में सबसे तेजी से गरीबी घटाई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हर दिन लगभग 400 (4.20 डॉलर) से कम कमाने वाले लोगों की तादाद भी 57.7% से घटकर अब सिर्फ 16.1% रह गई है। अनुमान है कि साल 2028 तक यह आंकड़ा घटकर 12.1% पर आ जाएगा।

गरीबी घटने की वजह: खपत बढ़ी, महिलाओं को मिला रोजगार
लोगों की खरीदने और खर्च करने की क्षमता में सुधार हुआ है। गांवों में महिलाओं को काम मिला। 2017 से 2023 के बीच लगभग 13.4 करोड़ नए काम के मौके बने। इसमें सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण महिलाओं को हुआ, जो पहली बार कमाई वाले कामों से जुड़ीं। सरकार की ओर से मिलने वाला मुफ्त राशन और सीधे बैंक खाते में पैसे भेजने जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों को बड़ा सहारा दिया।

नॉन-मॉनेटरी गरीबी में भी बड़ी गिरावट
सिर्फ कमाई या पैसों के मामले में ही नहीं, बल्कि नॉन-मॉनेटरी गरीबी यानी आम लोगों के रहन-सहन और सुविधाओं के स्तर में भी काफी सुधार आया है। अब लोगों के पास पक्के मकान, बिजली, साफ पानी, शौचालय और रसोई गैस जैसी बुनियादी सुविधाएं पहले से कहीं ज्यादा पहुंची हैं। ऑक्सफोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2005-06 में देश की आधे से ज्यादा आबादी यानी 53.8% लोग इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे, जो 2019-21 तक घटकर सिर्फ 16.4% रह गए हैं। विश्व बैंक के अपने पैमाने के अनुसार भी 2022-23 में ऐसी गरीबी घटकर सिर्फ 15.5% रह गई है।

चुनौतियां: यूपी और पश्चिम बंगाल में 57% गरीब आबादी
वर्ल्ड बैंक के अनुसार, गरीबी कम होने के बावजूद देश के सामने कुछ बड़ी चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। देश के कुल गरीबों का लगभग 57% हिस्सा उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल के बीच के इलाकों में रहता है। इन राज्यों में नए और बेहतर रोजगार देना बेहद जरूरी है। युवाओं में बेरोजगारी की दर 14.6% से बढ़कर 15.9% हो गई है, जिसमें गांव की युवा महिलाओं की संख्या ज्यादा है। यहां लोगों को काम तो मिला, लेकिन उनकी आमदनी में कोई बड़ा उछाल नहीं आया है, क्योंकि ज्यादातर नौकरियां कम कमाई वाले कामों में ही मिली हैं।