Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 गलत जानकारी देकर बनवाया फर्जी वोटर आईडी कार्ड

रायगढ़। पहलगाम आतंकी हमला के बाद राज्यों में पाकिस्तानी नागरिकों की खोजबीन शुरू हो गई है। इसी कड़ी में पुलिस ने रायगढ़ में 2 पाकिस्तानी भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। इनके पास वैध पासपोर्ट और लॉन्ग टर्म वीजा है, लेकिन फर्जी तरीके से मतदाता पत्र बनवाया गया है। जिसे देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। मामला जूट मिल थाना इलाके का है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस की ओर से बाहरी राज्यों से आए लोगों को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच जूट मिल थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम कोडातराई में याकूब शेख के मकान में दो पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं।

बिना नागरिकता लिए वोटर कार्ड बनवाया
पूछताछ में पता चला कि अर्निश शेख और इफ्तिखार शेख दोनों भाई-बहन हैं और पाकिस्तानी नागरिक हैं। दोनों ने भारतीय नागरिकता प्राप्त किए बिना अवैध रूप से मतदाता परिचय पत्र बनवा लिया है। इसके बाद जूट मिल थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। साथ ही टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

वैध पाए गए पासपोर्ट और वीजा
मौके पर वीजा, पासपोर्ट, मतदाता परिचय पत्र और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि पासपोर्ट पाकिस्तान का है और एलटीवी (लॉन्ग टर्म वीजा) वैध (सही) है। सिर्फ मतदाता कार्ड गलत है। दोनों ने भारत निर्वाचन आयोग के फॉर्म नंबर 6 में गलत जानकारी देकर ये कार्ड बनवाया था। ऐसे में पुलिस ने इफ्तिखार शेख (29 साल) और अर्निश शेख (25 साल) के खिलाफ धारा 199, 200, 419, 467, 468, 34 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड में जेल भेज दिया है।

आगे की कार्रवाई की जा रही
इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि इनकी मां की शादी भारत में हुई है। 1993-94 में वह डिलीवरी के लिए पाकिस्तान गई थी। इफ्तिखार शेख और अर्निश शेख का जन्म पाकिस्तान के लांडी, कराची में हुआ है। इसी के चलते उनके पास भारत की नागरिकता नहीं है। दोनों अभी कोड़ातराई में रह रहे थे। पासपोर्ट वीजा सभी वैध पाए गए हैं। सिर्फ फर्जी तरीके से मतदाता परिचय पत्र बनवाया था। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।