
0 जापान को पीछे छोड़ेगा, 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का अनुमान
नई दिल्ली। भारत की अर्थव्यवस्था दिसंबर 2025 तक जापान को पीछे छोड़ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन सकती है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ के वर्ल्ड इकोनॉमिक डेटा के अनुसार वर्तमान में भारत की जीडीपी 4.3 ट्रिलियन डॉलर के साथ दुनिया में पांचवे नंबर पर है। वहीं जापान की जीडीपी अभी 4.4 ट्रिलियन डॉलर है।
आईएमएफ के मुताबिक वृद्धि की वर्तमान दर बनी रही, तो भारत 2028 तक जर्मनी (4.9 ट्रिलियन डॉलर जीडीपी) को भी पीछे छोड़ कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
10 सालों में दोगुनी हुई भारत को जीडीपी
भारत की अर्थव्यवस्था पिछले 10 सालों में दोगुनी हो गई है। अर्थव्यवस्था की ये ग्रोथ दुनिया में सबसे तेज है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ के आंकड़ों के मुताबिक भारत की जीडीपी बीते दशक में 105% बढ़ी है। वर्तमान में भारत की जीडीपी 4.3 ट्रिलियन डॉलर है। जबकि 2015 में ये 2.1 ट्रिलियन डॉलर थी।
2032 तक 10 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी
भारत की जीडीपी ग्रोथ की रफ्तार यही रही, तो हर 1.5 साल में इकोनॉमी में 1 ट्रिलियन डॉलर जुड़ेगा। इससे 2032 तक भारत 10 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बन सकता है। भारत ने दुनिया के दूसरी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ते हुए, चीन (76%), अमेरिका (66%), जर्मनी (44%), फ्रांस (38%) और यूके (28%) की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।
कर्ज के मामले में भारत मजबूत
साइज के हिसाब से शीर्ष दो स्थान पर अमेरिका (30.3 ट्रिलियन डॉलर) और चीन (19.5 ट्रिलियन डॉलर) की अर्थव्यवस्था है। लेकिन कर्ज के मामले में भारत दोनों देशों से मजबूत स्थिति में है। मार्च 2025 तक अमेरिका का कर्ज 36.22 ट्रिलियन डॉलर है। वहीं चीन का कर्ज 2.52 ट्रिलियन डॉलर है। जबकि भारत पर 712 बिलियन डॉलर का कर्ज है।