Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पिछले साल जून में जीएसटी से 1.85 लाख करोड़ जुटाए थे
नई दिल्ली। सरकार ने जुलाई 2025 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) से 1.96 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। सालाना आधार पर इसमें 7.5% की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार 1 अगस्त को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, एक साल पहले यानी जुलाई 2024 में सरकार ने 1.82 लाख करोड़ रुपए जीएसटी कलेक्ट किया था।
इस साल जून के मुकाबले जुलाई का कलेक्शन 11 हजार करोड़ रुपए बढ़ा है। जून में 1.85 लाख करोड़ रुपए जीएसटी वसूला गया था। इससे पहले अप्रैल 2025 में रिकॉर्ड 2.37 लाख करोड़ रुपए और मई में 2.01 लाख करोड़ रुपए जीएसटी के रूप में जुटाए गए थे।

5 साल में दोगुना हुआ टैक्स कलेक्शन
पिछले महीने देश में जीएसटी लागू हुए 8 साल पूरे हो गए हैं। 1 जुलाई 2017 को देश में जीएसटी लागू किया गया था। इस दौरान टैक्स कलेक्शन के आंकड़ों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। वित्त वर्ष 2024-25 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 22.08 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जो 5 साल पहले 2020-21 में सिर्फ 11.37 लाख करोड़ था। यानी, 5 साल में टैक्स वसूली लगभग दोगुनी हो गई है। 2024-25 में हर महीने औसत जीएसटी कलेक्शन 1.84 लाख करोड़ रुपए रहा। ये 5 साल पहले 2020-21 में 95 हजार करोड़ रुपए था।

टैक्सपेयर्स की संख्या भी दोगुनी से ज्यादा बढ़ी
जीएसटी लागू होने के वक्त 2017 में रजिस्टर्ड टैक्सपेयर्स की संख्या 65 लाख थी, जो अब बढ़कर 1.51 करोड़ से ज्यादा हो गई है। इससे सरकार का टैक्स बेस भी मजबूत हुआ है।सरकार का कहना है कि जीएसटी लागू होने के बाद टैक्स कलेक्शन और टैक्स बेस दोनों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इससे देश की फिस्कल पोजिशन मजबूत हुई है और टैक्स सिस्टम ज्यादा पारदर्शी और आसान बना है।

इतिहास में सबसे बड़ा टैक्स कलेक्शन अप्रैल 2025 में
सरकार ने अप्रैल 2025 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) से 2.37 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। सालाना आधार पर इसमें 12.6% की बढ़ोतरी हुई थी। ये जीएसटी कलेक्शन का रिकॉर्ड है। इससे पहले हाईएस्ट जीएसटी कलेक्शन का रिकॉर्ड अप्रैल 2024 में बना था। तब सरकार ने 2.10 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे।