Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पद पर आज 2258वां दिन, 2019 में शपथ ली थी

नई दिल्ली। अमित शाह मंगलवार को भारत के सबसे लंबे समय तक केंद्रीय गृह मंत्री रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं। वे 2,258 दिनों से पद पर हैं। शाह ने 30 मई, 2019 को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में गृह मंत्री का कार्यभार संभाला था।

श्री शाह ने गृह मंत्री का पहला कार्यकाल 9 जून 2024 को पूरा किया था। 10 जून, 2024 को वे फिर से गृह मंत्री बने और तब से इस पद पर हैं। गृह मंत्रालय के अलावा, वे देश के पहले सहकारिता मंत्री भी हैं। इससे पहले शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गुजरात के गृह मंत्री रह चुके हैं।

इत्तफाक से, शाह ने सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री रहने की उपलब्धि 5 अगस्त को हासिल की है। इसी दिन 2019 में, उन्होंने संसद में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 को निरस्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म हो गया था।

उन्होंने बतौर गृह मंत्री, भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आडवाणी 19 मार्च, 1998 से 22 मई, 2004 तक, कुल 2,256 दिनों तक देश के गृह मंत्री पद पर रहे थे। आडवाणी के बाद कांग्रेस नेता गोविंद बल्लभ पंत सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री रहने वाले तीसरे व्यक्ति हैं।

मोदी ने इंदिरा का रिकॉर्ड तोड़ा
इससे पहले, नरेंद्र मोदी 25 जुलाई को भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिनों (24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977) का रिकॉर्ड तोड़ा है। पीएम मोदी ने 25 जुलाई को प्रधानमंत्री पद पर 4078 दिन पूरे कर लिए थे। सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम है। वो 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक यानी लगातार कुल 6126 दिन तक इस पद पर रहे। पीएम मोदी नेहरू के रिकॉर्ड से 2048 दिन पीछे हैं। हालांकि, पीएम मोदी पहले ही तीन लगातार लोकसभा चुनाव (2014, 2019, 2024) जीतने के मामले में नेहरू की बराबरी कर चुके हैं। अगर वो 2029 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री बनते हैं तो लगातार PM बनने का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक निर्वाचित नेता
मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 26 मई 2014 से प्रधानमंत्री बने। इस तरह वो एक चुने हुए सरकार के मुखिया का कार्यभार राज्य-केंद्र (24 साल से ज्यादा) में संभालने वाले पहले भारतीय नेता बने हैं। मोदी स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री हैं। साथ ही पहले गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने 2 कार्यकाल पूरे किए और सबसे लंबे समय तक पद पर रहे।